HTML tutorial

नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनसैलाब, बाजार रहे बंद

Pahado Ki Goonj

नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनसैलाब, बाजार रहे बंद
नई टिहरी, 31 जुलाई। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर शनिवार को आयोजित जनाक्रोश रैली में हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। शहर की सड़कों पर आम जनता, व्यापारी, युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के लोग एकजुट होकर मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी में स्थापित किए जाने की मांग के समर्थन में उतरे।
रैली के समर्थन में नई टिहरी, बौराड़ी, बीपुरम और कोटी कॉलोनी के बाजार पूरी तरह बंद रहे। व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया। पूरे शहर में “नई टिहरी का अधिकार – नई टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज” के नारे गूंजते रहे और लोगों ने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नई टिहरी मेडिकल कॉलेज के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से युक्त उपयुक्त स्थान है। लंबे समय से क्षेत्रवासी यहां मेडिकल कॉलेज की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
रैली में वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से टिहरी जनपद सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
जनाक्रोश रैली के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह आंदोलनमय रहा और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि मेडिकल कॉलेज की मांग अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

You May Like