
मानवता की मिसाल बनी रेडक्रॉस, गंभीर बीमार बालक तक तत्काल पहुंचाया फाउलर बेड,
उत्तरकाशी। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी अपने सात मूलभूत सिद्धांतों—विशेषकर मानवता और निष्पक्ष सेवा—को धरातल पर उतारते हुए लगातार जरूरतमंदों की सहायता कर रही है। एक बार फिर रेडक्रॉस की संवेदनशीलता और तत्परता ने यह साबित कर दिया कि मानव सेवा ही उसका सर्वोच्च उद्देश्य है।
विकासखंड पुरोला के एक सुदूर गांव में गंभीर बीमारी से जूझ रहे बालक सुमित को तत्काल मैनुअल फाउलर बेड की आवश्यकता थी। इस संबंध में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तरकाशी की जिला कार्यकारिणी बैठक में सक्रिय सदस्य संतोष शकलानी, आजीवन सदस्य गोपाल थपलियाल, नवीन रावत और कल्पना ठाकुर ने बालक की मदद का प्रस्ताव रखा।
बैठक में ऑनलाइन जुड़े भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड राज्य शाखा के चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सहायता उपलब्ध कराने की सहमति दी। उन्होंने जिला चेयरमैन माधव प्रसाद जोशी सहित सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि बिना किसी विलंब के बेड मरीज तक पहुंचाया जाए।
राज्य चेयरमैन के निर्देश पर जिला चेयरमैन माधव प्रसाद जोशी ने तत्काल आजीवन सदस्य जैनेंद्र नौटियाल से संपर्क कर उपलब्ध बेड की जानकारी ली और देहरादून से सीधे पुरोला तक बेड भेजने की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुरोला में फार्मेसी अधिकारी तिलक के सहयोग से बेड को मरीज के गांव तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
जिला सचिव डॉ. रतन मणि भट्ट तथा कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रस्ताव का समर्थन किया। इस दौरान अजीत असवाल, मनोज थालवाल, तिलक, जैनेंद्र नौटियाल, आदेश नौटियाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रेडक्रॉस की इस त्वरित और मानवीय पहल से पीड़ित परिवार सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने संस्था की मुक्त कंठ से सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि “हमने भारतीय रेडक्रॉस की मानव सेवा के बारे में बहुत सुना था, लेकिन पहली बार इसे अपनी आंखों से धरातल पर साकार होते देखा। बिना किसी स्वार्थ और औपचारिकता के जिस तेजी से जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाई गई, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।”
ग्रामीणों ने कहा कि राज्य चेयरमैन ओंकार बहुगुणा के संवेदनशील नेतृत्व और जिला चेयरमैन माधव प्रसाद जोशी की तत्पर कार्यशैली के कारण जरूरतमंद बालक को समय पर सहायता मिल सकी। उनका मानना है कि भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी आज केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता और सेवा का सशक्त प्रतीक बनकर समाज में विश्वास और उम्मीद जगा रही है।

