
नौकरी से निकाले जाने पर बीएसएनएल टावर पर चढ़ा युवक, प्रशासन में मचा हड़कंप
नई टिहरी, 22 जून। टिहरी जिले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नौकरी समाप्त किए जाने से नाराज एक व्यक्ति बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान नरेंद्रनगर क्षेत्र की दोगी पट्टी के भांगला निवासी नरोत्तम प्रसाद गैरोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी नौकरी समाप्त किए जाने से आक्रोशित था। विरोध दर्ज कराने के लिए वह नई टिहरी स्थित बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए युवक को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा लगातार बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के चलते क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।

