मोरी पुलिस ने 3.39 ग्राम स्मैक के साथ युवक को किया गिरफ्तार
उत्तरकाशी। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोरी पुलिस ने एक युवक को 3.39 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं नशा तस्करों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी श्री दीपक रावत के नेतृत्व में 20 जून 2026 की सायं सांकरी-जखोल मोटर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 3.39 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोपाल (23 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मनबहादुर, निवासी सांकरी बाजार, मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष दीपक रावत, कांस्टेबल अनिल तथा कांस्टेबल महिदेव सिंह शामिल रहे।

