भागीरथी की तेज धार में बह रहे श्रद्धालु को SDRF जवान ने बचाया, गंगोत्री धाम में टला बड़ा हादसा ।
गंगोत्री। श्री गंगोत्री धाम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब भागीरथी नदी की तेज धारा में बह रहे 77 वर्षीय श्रद्धालु को एसडीआरएफ के एक जवान ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बचा लिया। जवान की सूझबूझ, तत्परता और साहसिक कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जनपद निवासी 77 वर्षीय श्रद्धालु चंद्रहास सिंह चारधाम यात्रा पर आए हुए थे। गुरुवार सुबह गंगोत्री धाम में स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह भागीरथी नदी की मुख्य धारा के तेज बहाव में बहने लगे। घटना को देखकर घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ जवान नवीन पोखरिया ने बिना समय गंवाए अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल लाइव रिंग और पुलिस द्वारा पूर्व में नदी के आर-पार लगाई गई फंदायुक्त सुरक्षा रस्सियों का सहारा लेते हुए नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बीच संघर्ष करते हुए जवान ने श्रद्धालु तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ जवान की त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालु की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। इस वीरतापूर्ण कार्य को देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं, तीर्थपुरोहितों और स्थानीय लोगों ने उत्तराखण्ड पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उनके सम्मान में जयघोष किया।
इस बीच पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि गंगोत्री धाम में भागीरथी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी का बहाव अत्यंत तेज है। ऐसे में श्रद्धालु घाटों के किनारों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा नदी में उतरकर स्नान करने का प्रयास न करें।

