गंगोत्री धाम में विधायक सुरेश चौहान ने की विशेष गंगा आरती, प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और राष्ट्र समृद्धि की कामना ।
उत्तरकाशी/गंगोत्री। भारत के प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूर्ण करने के ऐतिहासिक अवसर पर गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश सिंह चौहान ने विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य गंगा आरती का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के संकल्प की सफलता के लिए माँ गंगा से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना ने भारत को विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने जनकल्याण, आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
गंगोत्री धाम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान विधायक चौहान ने विधि-विधान से माँ गंगा की पूजा-अर्चना की तथा भव्य गंगा आरती संपन्न कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी, स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन के साथ-साथ राष्ट्र की निरंतर उन्नति, समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए मंगलकामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ऐतिहासिक कार्यकाल केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक परंपरा, जनविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नेतृत्व का प्रतीक है। गंगोत्री से गंगा सागर तक बहने वाली माँ गंगा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है तथा इसी पवित्र धाम से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना की गई है।
पूजा-अर्चना एवं गंगा आरती के उपरांत विधायक सुरेश चौहान ने धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर इस अवसर की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भटवाड़ी मंडल अध्यक्ष मनोजेंद्र रावत, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, बदरी-केदार मंदिर समिति सदस्य कृपाराम सेमवाल, कुलदीप सेमवाल, ग्राम प्रधान द्वारी सज्जन सिंह नेगी, पूर्व सैनिक मोहन राणा, लक्ष्मण पंवार, भूपेश रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

