HTML tutorial

गाय के गोबर से बने फ्रिज मैग्नेट बन रहे स्वरोजगार का माध्यम, तीर्थयात्रियों को आ रहे पसंद ।

Pahado Ki Goonj

गाय के गोबर से बने फ्रिज मैग्नेट बन रहे स्वरोजगार का माध्यम, तीर्थयात्रियों को आ रहे पसंद ।

उत्तरकाशी। रिपोर्ट मदन पैन्यूली 

पवित्रा लीला बाल वाटिका, जोशियाड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता अजय प्रकाश बड़ोला द्वारा गाय के गोबर से स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। धूपबत्ती, अगरबत्ती, कंडे और दीपक बनाने के बाद अब उन्होंने गाय के गोबर से आकर्षक फ्रिज मैग्नेट तैयार किए हैं, जिन पर उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगोत्री धाम के चित्र अंकित किए जा रहे हैं। यह उत्पाद चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष रूप से पसंद आ रहे हैं।
इस अभिनव पहल का शुभारंभ केदार मंदिर के महंत राघवेंद्र दास महाराज ने किया। उन्होंने गाय के गोबर से निर्मित फ्रिज मैग्नेट को पर्यावरण संरक्षण और गोसंवर्धन की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताते हुए अजय प्रकाश बड़ोला की सराहना की।
अजय प्रकाश बड़ोला ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से गाय के गोबर से दैनिक उपयोग की वस्तुओं का निर्माण कर रहे हैं। उत्तरकाशी आने वाले तीर्थयात्री यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े स्मृति चिन्ह खरीदना पसंद करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए गोबर से बने फ्रिज मैग्नेट तैयार किए गए हैं, जिन पर स्थानीय धार्मिक स्थलों के चित्र लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्य से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। गोबर से उत्पाद तैयार करने का कार्य स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जिससे उन्हें आय का स्रोत मिल रहा है। वहीं उत्तरकाशी के धार्मिक स्थलों के चित्रों की डिजाइनिंग का कार्य स्थानीय शिव शक्ति कला लैब द्वारा किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिल रहा है।
बड़ोला ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान इन फ्रिज मैग्नेट की अच्छी मांग देखने को मिल रही है। श्रद्धालु इन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में खरीदकर अपने साथ ले जा रहे हैं।
इस अवसर पर चारधाम विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष सूरत राम नौटियाल तथा डॉ. माधव प्रसाद नौटियाल ने भी इन फ्रिज मैग्नेट को खरीदकर इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल, संजीव भट्ट, भूपेश कुड़ियाल, हरिश्वर गोड सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अजय प्रकाश बड़ोला की यह पहल न केवल गोबर के उपयोग को बढ़ावा दे रही है, बल्कि स्थानीय महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है।

Next Post

गौप्रतिष्ठा यात्रा के तहत आगरा पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, गौ संरक्षण को लेकर किया जनजागरण का आह्वान ।

गौप्रतिष्ठा यात्रा के तहत आगरा पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, गौ संरक्षण को लेकर किया जनजागरण का आह्वान आगरा। ऐतिहासिक 81 दिवसीय ‘गौप्रतिष्ठा (गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध)’ यात्रा के क्रम में का आगरा जनपद में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। परशुराम भवन में आयोजित विशेष सभा सहित अनेक कार्यक्रमों में बड़ी […]

You May Like