HTML tutorial

8 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू; 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची।

Pahado Ki Goonj

 

 


8 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू; 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची।

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे और उनका संकलन करेंगे। यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया संचालित की जा रही है। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ का प्रशिक्षण तथा गणना फार्मों की शत-प्रतिशत छपाई पूरी कर ली गई है। 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित और एकत्रित करेंगे। इसी अवधि में प्राप्त फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर अपलोड किया जाएगा।
डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार तक विजिट करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। वहीं, 14 जुलाई से 11 सितंबर तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
राज्य में कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता स्वयं भी भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, नए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरकर अपने बीएलओ को जमा कर सकते हैं।
एक क्लिक पर बीएलओ से कर सकेंगे संपर्क
मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। मतदाता voters.eci.gov.in⁠� पर जाकर या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेंगे।
2003 की मतदाता सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी मतदाताओं की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई है। मतदाता ceo.uk.gov.in⁠� पर जाकर अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता/पति के नाम, मतदाता क्रमांक या बूथ संख्या के आधार पर जानकारी खोज सकते हैं। इसके अलावा गली, मोहल्ले और क्षेत्र के नाम से भी मतदाता सूची में खोज की सुविधा उपलब्ध है।

You May Like