
आठ वर्षों से अधर में लटका मोटर मार्ग, ग्रामीणों में आक्रोश—चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
खनेड़ा (उत्तरकाशी)।
ग्राम पंचायत खनेड़ा के लिए वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण कार्य आज तक शुरू न होने पर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। आठ वर्षों का लंबा समय बीत जाने के बावजूद भी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना पर कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग के अभाव में उन्हें आज भी मूलभूत सुविधाओं—जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंच—के लिए लंबी पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। कई बार आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा पाता, जिससे गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं।
इस मुद्दे को लेकर 22 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत खनेड़ा में एक खुली बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र ही मोटर मार्ग निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामवासी आगामी विधानसभा चुनावों और सभी सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि इस स्थिति के लिए पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वर्षों से लंबित इस सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
इस दौरान ग्राम प्रधान श्रीमती संगीता रावत, जगमोहन चौहान, सुभाष चौहान, पूर्व प्रधान जगवीर चौहान, प्रवीन रावत, दिनेश राणा, पूर्व प्रधान गुरुदेव चौहान, अनित चौहान, विकास चौहान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

