
छात्र संघ समारोह के मंच से गाली देने पर फंसे हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, मुकदमा दर्ज
देहरादून। दयानंद एंग्लो-वैदिक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय) में छात्र संघ सप्ताह समारोह के आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित रूप से अभद्र, अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने वाले हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ उत्तराखंड के डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। देहरादून पुलिस ने 13 अप्रैल (सोमवार) को यह जानकारी दी।
देहरादून एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि, 11 अप्रैल शनिवार शाम को हुई इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सत्यम शिवम छात्र संगठन के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर के आधार पर लोक गायक के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में 12 अप्रैल देर रात अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार को कोतवाली डालनवाला पर प्रांचल नौनी (छात्र प्रतिनिधि) सत्यम शिवम छात्र संगठन डीएवी (पीजी) कॉलेज ने शिकायत दर्ज कराई है कि 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज में सांस्कृतिक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा ने अभद्र, अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किए जाने के कारण वहां उपस्थित छात्र- छात्राओं एवं आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। तहरीर के आधार पर मासूम शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 352, 79, 351(3) के तहत मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि छात्र संघ के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे। लेकिन मासूम शर्मा के इस प्रकरण से पहले ही सीएम धामी वहां से जा चुके थे। हालांकि, खानपुर विधायक उमेश कुमार उस दौरान मंच पर मौजूद थे। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। उधर, रविवार को पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मासूम शर्मा को नोटिस भी भेजा था। जिसके बाद मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगते हुए आपत्तिजनक शब्दों के कहने का कारण भी बताया था।

