
बड़कोट में पुलिस निगरानी में वितरित हुए घरेलू गैस सिलेंडर, उपभोक्ताओं को मिली राहत
बड़कोट/उत्तरकाशी:
जनपद उत्तरकाशी के बड़कोट तहसील क्षेत्र में गैस की किल्लत के बीच प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण पुलिस की निगरानी में कराया गया।
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में गैस आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र में उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।कई लोग अपने नंबर के इंतजार में पूरी रात जागकर गुजार चुके थे ।
बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने वितरण प्रक्रिया को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की।
पुलिस की मौजूदगी में गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को लाइन में व्यवस्थित तरीके से सिलेंडर वितरित किए गए, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति पर काबू पाया जा सका।
बताया जा रहा है कि राज्य में हालिया दिनों में एलपीजी की मांग बढ़ने और घबराहट में ज्यादा बुकिंग होने से आपूर्ति पर दबाव बना है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में देरी देखने को मिली है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें और अफवाहों से बचें, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर मिल सके ।


