
चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, यमुनोत्री हाईवे का निरीक्षण
बड़कोट। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां अब तेज हो गई हैं। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तराखंड के मुख्य अभियंता मुकेश परमार ने यमुनोत्री नेशनल हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की मौजूदा स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी अधूरे कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू बनाया जाए।
मुख्य अभियंता मुकेश परमार ने कहा कि चारधाम यात्रा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, क्षतिग्रस्त सड़कों और संकरे मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
वहीं, अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता अंकित नौटियाल, अशोक चौहान, सुनील रावत, बृजमोहन नौटियाल, राजेन्द्र कुमार, संतोष गोस्वामी सहित ऑल ग्रेप, शिवालिक, पैराटेग, एस एंड पी और पीजीआर के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

