HTML tutorial

खालसी न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 10 में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण 

Pahado Ki Goonj

खालसी न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 10 में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण 

उत्तरकाशी । चिन्याली सौड़ ।

गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग में फसल क्षति व प्रतिकर शिकायत पर जांच समिति गठित
चिन्यालीसौड़ विकासखंड की न्याय पंचायत खालसी में गुरुवार को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के अंतर्गत उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 10 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशों एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके और समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
इस अवसर पर पीएमजीएसवाई के अंतर्गत गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग निर्माण कार्य में फसल क्षति एवं प्रतिकर न मिलने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा उठाई गई। इस पर उप जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई तथा ग्राम प्रधान को शामिल करते हुए संयुक्त समिति गठित कर पूर्व में दिए गए प्रतिकर एवं लंबित मामलों की जांच के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लाभ वितरण किया गया। आयुष विभाग ने 10 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। पशुपालन विभाग द्वारा 80 लोगों को पशु चिकित्सा सेवाएं व दवाएं दी गईं। कृषि विभाग ने 150 छोटे कृषि उपकरण, 50 पीएम किसान योजना से संबंधित लाभ तथा 25 कृषि रसायन वितरित किए। उद्यान विभाग द्वारा 20 लाभार्थियों को निःशुल्क मूली बीज एवं कीटनाशक दवाएं दी गईं।
समाज कल्याण विभाग ने 6 दिव्यांग पेंशन तथा 3 वृद्धा पेंशन के आवेदन प्राप्त किए। जिला पूर्ति विभाग द्वारा 4 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी कराई गई। पंचायती राज विभाग ने 11 परिवार रजिस्टर नकल, 6 परिवार संशोधन, 1 जन्म प्रमाण पत्र जारी किया तथा 14 राशन कार्ड आवेदन प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त बाल विकास, एनआरएलएम, श्रम, मत्स्य, विद्युत, पेयजल निगम, शिक्षा, रीप, डेयरी एवं ग्राम्य विकास विभागों के माध्यम से भी लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
शिविर में उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीताराम गौड़, ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणवीर सिंह महंत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश चंद रमोला, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह चौहान, समन्वयक शीशपाल रमोला, सुभाष नौटियाल, ग्राम प्रधान खालसी कुंवर सिंह कखवाड़ी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, खंड विकास अधिकारी प्रकाश पंवार, नोडल अधिकारी पशु चिकित्साधिकारी धर्मेन्द्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Next Post

विश्वसनीय साक्ष्य प्रस्तुत हों तो किसी भी जांच के लिए तैयार है सरकार : सुबोध उनियाल

विश्वसनीय साक्ष्य प्रस्तुत हों तो किसी भी जांच के लिए तैयार है सरकार : सुबोध उनियाल देहरादून। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चल रहे विवाद पर स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति या पक्ष विश्वसनीय और ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करता है, तो उत्तराखंड सरकार […]

You May Like