
दून में थी अशांति और उपद्रव पैदा करने की सोची समझी साजिशः धामी
सोमवार देर रात हुए उपद्रव पर सीएम ने दी अपनी प्रतिक्रिया
पुलिस ने शहर में समय रहते बवाल के प्रयास को किया नाकाम
उत्तराखंड में अराजकता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उपद्रव पैदा करने वालों के खिलाफ दंगा विरोधी कानून में होगी सख्त कार्रवाई
देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दून में सोमवार देर रात उपद्रव की कोशिश करने वाले लोगों पर प्रतिक्रिया जारी की है। सीएम धामी ने मामले को अशांति और उपद्रव पैदा करने की सोची समझी साजिश करार दिया। सीएम धामी ने उपद्रव पैदा करने वालों पर दंगा विरोधी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होनी की चेतावनी भी दी।
दरअसल, शहर के पटेल नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कुछ लोगों की भीड़ अचानक सड़क पर उतर आई। भीड़ पटेल नगर के लालपुल पर इकट्ठा हुई और धर्म संबंधी नारेबाजी कर सांप्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास किया। भीड़ ने सड़क जाम करने की भी कोशिश की। लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया और लाठियां फटकार कर भीड़ को मौके से खदेड़ा। इसके बाद शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अब सीएम धामी ने दून में उपद्रव पैदा करने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों पर प्रतिक्रिया दी है। सीएम धामी ने कहा, यह केवल त्योहारों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच में अशांति और उपद्रव पैदा करने की सोची समझी साजिश है। इसके पीछे वह ताकतें हैं, जो आज मजबूत होते भारत को नहीं देख पा रही हैं, एक भारत श्रेष्ठ भारत का समर्थन नहीं करती हैं और तुष्टिकरण की राजनीति पर आश्रित हैं। आज विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ते हुए जो पचा नहीं पा रही हैं, देख नहीं पा रही हैं, ऐसी ताकतें लगातार अशांति और दंगा करवाने का लगातार प्रयास कर रही हैं, समाज में जहर घोलने का काम कर रही हैं।
सीएम ने कहा, अगर आप किसी का सम्मान करते हैं, तो उसका सम्मान तभी है जब वो आपके आचरण के रूप में दिखे। उत्तराखंड गंगा, यमुना, चारधाम, आदि कैलाश समेत अनेक श्रद्धा और आस्था के धर्म स्थानों का प्रदेश है। उत्तराखंड में इस प्रकार की अराजकता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अराजक तत्वों के लिए सरकार ने सख्त दंगा विरोधी कानून बनाया है। सरकार, सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले दंगाईयों से ही नुकसान की भरपाई कराएगी।
क्या है पूरा मामला
29 सितंबर की देर रात सोशल मीडिया की एक पोस्ट से शांत देहरादून का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मुख्य वजह यही थी कि सोशल मीडिया पर डाले गए धार्मिक पोस्ट पर दूसरे समुदाय के युवक ने कमेंट कर दिया। इसके बाद एक समुदाय के सैकड़ों लोगों ने पुलिस चौकी को घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। पुलिस की ओर से समझाने के बावजूद भीड़ जब बेकाबू होने लगी तो फिर माहौल को शांत करने के लिए पुलिस की ओर से लाठी चार्ज का विकल्प अपनाया गया। जिसके चलते चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आपत्तिजनक टिप्पणी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास करने का आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। मुस्लिम संप्रदाय के नवी पर टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपित की पहचान गुलशन निवासी ब्रह्मपुरी मूल निवासी ग्राम सरोना थाना बिलग्राम जिला हरदोई के रूप में हुई है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि फेसबुक पेज पर एक स्क्रीन शाट जिसमें मुस्लिम संप्रदाय के नवी पर एक व्यक्ति ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास किया। स्क्रीनशाट का पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी बाजार थाना पटेलनगर प्रमोद शाह ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आपत्तिजनक कमेंट करने वाले व्यक्ति को तत्काल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और आपत्तिजनक कमेंट को हटवाया। आपत्तिजनक कमेंट के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोग पटेलनगर क्षेत्र में एकत्रित होने लगे।
शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया। पूरे क्षेत्र में पुलिस की ओर से कांबिंग की गई है व क्षेत्र में समुचित पुलिस बल नियुक्त किया गया है। किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने वाले व अनावश्यक रूप से अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस की ओर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बवाल करने वालों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसएसपी की सख्त चेतावनी किसी को भी नहीं जाएगा बख्शा
सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट के बाद उत्तराखंड की राजधानी दून रात को बवाल हो गया था। सोमवार देर रात पटेल नगर थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर आ गए थे। लाल पुल के पास लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने नारेबाजी की। साथ ही सड़क जाम कर शहर का माहौल खराब करने का भी प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को वहां से खदेड़ा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस-प्रशासन की सख्त चेतावनी है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने और आपत्तिजनक कमेंट करने के संबंध में कोतवाली पटेल नगर पुलिस की तरफ से खुद ही मुकदमा दर्ज कराया गया है। साथ ही आपत्तिजनक कमेंट करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
जानकारी के मुताबिक देर रात को सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट वायरल किया गया, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस ने वायरल स्क्रीनशॉट का तुरंत संज्ञान लिया। इसके बाद चौकी प्रभारी बाजार कोतवाली पटेल नगर प्रमोद शाह प्रमोद शाह ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत करते हुए आपत्तिजनक कमेंट करने वाले व्यक्ति गुलशन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और आपत्तिजनक कमेंट को हटवाया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में भी इस तरह से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया। वहां भी जुलूस के दौरान शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया था। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया था। वहीं शहर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया था। काशीपुर मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
वहीं अब काशीपुर की तरह देहरादून में भी कुछ लोगों ने शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया, लेकिन देहरादून भी पुलिस ने काशीपुर की तरह सख्ती दिखाई तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया। सरकार की तरफ स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि प्रदेश में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी विभाग निर्माण और नव निर्माण कार्यों में तेजी लाएः मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में निर्माण और नव निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि अब मानसून अवधि पूर्ण हो चुकी है, सभी विभाग धरातल पर कार्यों में तेजी लाएं।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी सड़कें निर्धारित समय सीमा में गड्ढा मुक्त की जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। जिन क्षेत्रों से बारकृबार सड़क संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की कार्य प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा 31 अक्टूबर तक पैच वर्क पूर्ण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते एवं अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।


