दो दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहंुचे सीएम धामी,लिया कई कार्यक्रमों में भाग
नैनीताल। अपने दो दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दौरे के दूसरे दिन नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सीएम धामी ने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ पौधारोपण कर उन्हें पर्यावरण सुरक्षा और पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए शपथ दिलाई। इसके बाद सीएम धामी ने छात्र-छात्राओं से नैनीताल को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए खुद हाथों में झाड़ू पकड़कर शहर की नालियों में एकत्र कूड़े को साफ किया।
स्वच्छता अभियान के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटकों से भी मुलाकात की। स्वच्छता अभियान के बाद पुष्कर सिंह धामी ने शहर के डीसा खेल मैदान समेत आसपास के क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के बारे में स्थानीय लोगों और अधिकारियों से जाना और अधिकारियों को विकास कार्य में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इसके बाद सीएम धामी हल्दूचौड़ के गंगापुर कबड़वाल स्थित हल्द्वानी नगर निगम गौशाला पहुंचे। जहां उन्होंने गौशाला में भी पूजा अर्चना किया और गौ माता को चारा खिलाया। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि आवारा गोवंशों को सुरक्षित ठिकाना के लिए हल्द्वानी नगर निगम का गौशाला कुमाऊं मंडल का सबसे बड़ा गौशाला है और यहां पर करीब 1000 से अधिक गोवंश को रखने की व्यवस्था की गई है। आने वाले समय में गौशाला की कैपेसिटी को बढ़ाने का काम किया जाएगा।
आगे पढ़े
मुख्यमंत्री ने कालू सिद्ध मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में की पूजा-अर्चना 
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर में छत्र चढ़ाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
शनिवार यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर में छत्र चढ़ाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने नव निर्मित भव्य मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कालू सिद्ध मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसार पर सांसद अजय भटृ, विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा उपस्थित थे।
आगे पढ़े
नरभक्षी गुलदार की दहशत बरकरार; ड्रोन की मदद से खोज जारी
रुद्रप्रयाग। जखोली विकास खंड के डांडा चमसारी गांव की महिला को शिकार बनाने वाला गुलदार आठ दिन बाद भी वन विभाग की पकड़ से बाहर है। जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
इस मामले में वन विभाग गुलदार की खोजबीन ड्रोन कैमरे से कर रहा है, कैमरों में गुलदार ट्रैस तो रहा रहा है, लेकिन अभी तक विभाग द्वारा लगाए गए चार पिंजरों में से किसी भी पिजंरे के आस पास गुलदार की हरकत नहीं देखी गई है। जिसके चलते चारा पत्ति लेने जा रही महिलाएं भी वन विभाग के सुरक्षा कवच में जाने को मजबूर है।
बीते शुक्रवार को 30 मई को गुलदार ने डांडा चमसारी गांव की एक बुजर्ग महिला को शिकार बना दिया था, तब से लेकर आठ दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग के तमाम प्रयास के बावजूद गुलदार को नहीं पकड़ा जा सका है। उप प्रभागीय वनाधिकारी डा दिवाकर पंत ने बताया कि गुलदार को ट्रैस करने के लिए ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जा रहा है, इसके साथ ही लाइव कैमरा भी लगाए गए हैं।
20 टैप कैमरे लगाए गए हैं, चार पिंजरे लगाए गए हैं। गुलदार कैमरे में कैद हुआ है, लेकिन पिंजरे तक नहीं गया है। वन विभाग के बीस से अधिक कर्मचारी पूरे प्रभावित क्षेत्र में तैनात हैं, जिनके पास गुलदार को पकड़ने के लिए सभी जरूरी उपकरण हैं। 20 स्मार्ट स्टिक के साथ ही इलैक्ट्रिक करंट वाले स्टिक, जाली व दो पशुचिकित्सक भी तैनात किए गए हैं, जिसमें डा प्रमोद भूटानी, ट्रैनिक व अमित सिंह टीम साथ क्षेत्र में मौजूद हैं। एसडीओ पंत का कहना है कि पूरे प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है, घरों के आस पास की झाड़ियां काटने को कहा गया है, घरों में रात्रि के समय पर्याप्त उजाला करने, अंधेरे में बाहर न आने, जरूरत पड़ने पर पर्याप्त रोशनी के साथ समूह में आने को कहा जा रहा है।
वहीं आठ दिन बाद भी गुलदार को न पकड़े जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में गुलदार के मानव को शिकार बनाने के मामले आते रहते हैं, पिछले छह महीने में जिले में दो महिलाओं को गुलदार ने अपना शिकार बनाया है। वहीं वन विभाग ने फरवरी माह में हुई घटना के बाद गुलदार को पकड़ लिया था। ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि वन विभाग ने अभी तक गुलदार को नहीं पकड़ पाया है। जबकि गुलदार को नरभक्षी भी घोषित नही किया है।
आगे पढ़े
लुटेरी दुल्हन गिरफ्तारः शादी के झांसा देकर करती थी लाखों की ठगी और ब्लैकमेलिंग

उधमसिंहनगर। शादी का झांसा देकर लाखो की ठगी व ब्लैकमेलिंग करने वाली एक शातिर दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से ब्लैकमेलिंग कर ली गयी 50 हजार की नगदी भी बरामद हुई है। गिरफ्तार महिला की पहचान हीना रावत पुत्री बलवंत सिंह निवासी खरमासा कुंडेश्वरी, थाना काशीपुर के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने जानकारी देेते हुए बताया कि बीते रोज कोतवाली रूद्रपुर में दीपक कक्कड़ पुत्र स्व. ओम प्रकाश कक्कड़ निवासी बसुंधरा फेस 1, भूरारानी रोड, रुद्रपुर द्वारा तहरीर देकर बताया गया था कि एक महिला, जिसने अपना नाम अंकिता शर्मा बताया और खुद को हाईकोर्ट का एडवोकेट बताया, ने व्हाट्सएप पर बातचीत के जरिए उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और धोखाधड़ी से उससे पांच लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद, महिला ने विवाह का नाटक कर दीपक के घर पर रहना शुरू कर दिया। इस दौरान अंकिता शर्मा उर्फ हीना रावत ने दीपक कक्कड़ को तरह-तरह से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उससे 30 लाख रुपये की मांग करने लगी। पैसे न देने पर वह दीपक का मर्डर करने या स्वयं आत्महत्या कर उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। बताया कि शक होने पर जब उसने महिला के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि उसका सही नाम हीना रावत पुत्री बलवंत सिंह निवासी खरमासा कुंडेश्वरी, थाना काशीपुर है। वह पहले से शादीशुदा है और लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर बलात्कार आदि का झूठा आरोप लगाकर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का काम करती है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी गयी। जिसे पुलिस ने बीती रात उदय होटल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी महिला के पास से दीपक से लिए गये फिरौती के 50 हजार रुपये की नकदी और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह इन मुकदमों से बचने के लिए विदेश भागना चाहती थी। उसको विदेश भागने के लिए 30 लाख रुपये की जरूरत थी, इसीलिए उसने दीपक को अपने झूठे प्रेमजाल में फंसाया व तरह-तरह से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बताया कि कभी वह बिजनेसमैन बनकर तो कभी रजनीगंधा ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर बनकर तो कभी कॉन्ट्रैक्टर बनकर लोगों को लूटा करती थी। बताया कि वह मैट्रिमोनियल साइटों पर खुद को अविवाहित और योग्य दुल्हन के रूप में पेश करती थी। वह लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी करती थी और फिर उन्हें बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाकर मोटी रकम ऐंठती थी।आगे पढ़ेअज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत
- देहरादून। देर रातं सेलाकुई क्षेत्र में बाइक सवार व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मोत हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेलाकुई थाना को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि लेबर रोड़ पर एक मोटर साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना पर थाना सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस के द्वारा सरकारी अस्पताल विकासनगर ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक श्रवण सिंह सेलाकुई में एक कंपनी में काम करता था। रात को कंपनी से छुट्टी के बाद घर जाते समय सेलाकुई लेबर रोड पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना सेलाकुई के एस एस आई जितेन्द्र कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन द्वारा एक बाइक सवार को टक्कर मार दी गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान श्रवण सिंह (45) पुत्र बलराम सिंह निवासी हरदोई उत्तर प्रदेश, हाल निवासी अकबर कॉलोनी सेलाकुई के रूप @ हुई है।आगे पढ़े
मोहल्ला स्वच्छता समिति घोटाला प्रकरण, उप नगर आयुक्त की तहरीर पर मामला दर्ज
देहरादून। मोहल्ला स्वच्छता समिति में फर्जी सफाई कर्मचारियों के नाम पर करोड़ों रुपए के वेतन घोटाले में देहरादून नगर निगम के उपनगर आयुक्त की शिकायत के आधार नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घोटाला नगर निगम की मोहल्ला स्वच्छता समितियों में 99 फर्जी कर्मचारियों के नाम पर वेतन उठाए जाने से जुड़ा है। जो पांच सालों तक लगातार चलता रहा। इस फर्जीवाड़े से सरकार को लगभग नौ करोड़ रुपये का चूना लगा है। देहरादून की तत्कालीन जिलाधिकारी सोनिका ने इस मामले में जांच के आदेश सीडीओ को दिए थे।
बता दें कि इस घोटाले का खुलासा जनवरी 2024 में तब हुआ जब तत्कालीन जिलाधिकारी सोनिका के आदेश पर मुख्य विकास अधिकारी ने जांच शुरू की। जांच में साफ हुआ कि जांच में पुष्टि हुई कि 2019 से 2023 तक जिन कर्मचारियों के नाम पर वेतन निकाला गया था, वे वास्तविकता में कभी मौजूद ही नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई पार्षदों ने अपने रिश्तेदारों, पत्नियों और पार्टी पदाधिकारियों को सफाई कर्मचारी दर्शाकर सालों तक उनके नाम से सरकारी वेतन प्राप्त किया।
अब जब अधिवक्ता विकेश नेगी की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने 23 मई 2025 को राज्य सरकार से जवाब मांगा, तो आनन-फानन में नगर निगम हरकत में आया और शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। देहरादून नगर निगम के उप नगर आयुक्त गौरव भसीन की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में स्वच्छता समितियों के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष की भूमिका की जांच की जाएगी। साथ ही अगली सुनवाई 7 जुलाई 2025 को हाईकोर्ट में होनी है, जिसके बाद पुलिस ने आपराधिक जांच शुरू कर दी है।आगे पढ़ेदिन दहाड़े युवक की गला रेतकर हत्या,वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस स्टेशन पहंुचा आरोपी
हरिद्वार। मंगलौर में दिन दहाड़े एक युवक की सरेराह गला रेत कर हत्या कर दी गई है। युवक की हत्या से पूरे कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही कोतवाली पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी के बेटे की एक साल पहले गंगनहर में डूबकर मौत हो गई थी। आरोपी को शक था कि साहिल ने ही उसके बेटे को मारा है। फिलहाल पुलिस पूरी घटना की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
शनिवार के दिन देशभर में ईद उल अज़हा का त्यौहार बड़े ही हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लेकिन इसी बीच उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बा क्षेत्र के पठानपुरा मोहल्ले में एक वारदात ने रंग में भंग डाल दिया है। ईद उल अजहा का त्यौहार मना रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मंगलौर में एक युवक की बीच सड़क गला रेतकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि कस्बा क्षेत्र के पठानपुरा मोहल्ला निवासी रियासत पुत्र शौकत ने अपने पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय साहिल पुत्र शमीम की बीच सड़क पर गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही पुलिस स्टेशन बाजार मंगलौर जा पहुंचा। उधर घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में सूचना साहिल के परिजनों तक पहुंची तो परिजन भी घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
घटनास्थल पर साहिल का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। साहिल को लहूलुहान हालत में देख परिजनों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी रियासत के बेटे की एक वर्ष पूर्व गंगनहर में डूबकर मौत हो गई थी। रियासत को शक था कि साहिल ने उसे डुबाकर मारा है।
वहीं सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। साहिल के शव को कब्जे में लिया गया। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लिया गया है। इसी के साथ पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं मौके पर मंगलौर सीओ और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल पहुंच गए. उन्होंने अन्य अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मंगलौर के पठानपुर मोहल्ले में युवक की हत्या हुई है। हत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी पुलिस हिरासत में है. मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - आगे पढ़े
- केदारनाथ मार्ग पर हेलीकॉप्टर क्रेश लैंडिंग,सभी यात्री सुरक्षित

देहरादून। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर से एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हेलीकॉप्टर क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का बाताया जा रहा है।
हेलीकॉप्टर में तकनीक खराबी के चलते केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बडासू के पास हेलीकॉप्टर की एमरजेंसी लैंडिंग हुई। बडासू हेलीपैड से केदारनाथ के हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। इस हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। हादसे में पायलट को हल्की चोटें आई हैं। जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलीकॉप्टर हादसे की वजह मानकों की अनदेखी बताई जा रही है।
बता दें इन दिनों चारधाम यात्रा जोरों पर चल रही है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में चारधाम पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं। केदारनाथ मे हेली के जरिये भी श्रद्धालु आसानी से धाम पहुंच रहे हैं। इसके अलावा हेली हादसों से जुड़ी खबरें भी सामने आ रही हैं। बीती मई के बाज शनिवार को एक बार फिर से सिरसी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद हेलीकॉप्टर सड़क पर ही लैंड हो गया। - आगे पढे़
- रेड लाइट पर खड़ी कारों को टक्कर मारकर छतिग्रस्त करने का आरोपी चालक गिरफ्तार
देहरादून। छिद्दरवाला में शुक्रवार देर रात रेड लाइट पर खड़ी 6 गाड़ियों को पीछे से टक्कर मारकर छतिग्रस्त करने के आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में दो लोग भी घायल हुए थे।
रायवाला थाना प्रभारी निरीक्षक बीएल भारती ने बताया कि देर रात हादसा हुआ था। जब रेड लाइट पर देहरादून की ओर से आ रहे वाहनों की कतार लगी हुई थी। इस दौरान पीछे से एक वैगनार कार तेज गति से आई। इस कार ने पीछे से आधा दर्जन कारों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मौके पर अफरा तफरी मच गई थी। हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक नेपाली फार्म की ओर भाग गया था। सूचना मिलने पर नेपाली फार्म पर मौजूद पुलिस ने कार का पीछा किया। काफी देर तक पीछा करने के बाद हादसा करने भाग रही कार को रोक लिया। जांच में पता चला कि कार का ड्राइवर नशे में है। इसलिए उसका मेडिकल कराया गया।
ड्राइवर की पहचान सुशील रयाल निवासी श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में हुई है। ड्राइवर के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही कार को भी सीज कर दिया है। क्षतिग्रस्त तीन कारों को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से रायवाला थाने में खड़ा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। आगे पढ़े
होटल की छठी मंजिल में लगी भीषण आग,पुलिस ने होटल में ठहरे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
ऋषिकेश। ऋषिकेश के निकट तपोवन में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से एक होटल की छठी मंजिल में भीषण आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश कर रहा एक होटल कर्मी भी आग की लपटों में घिर गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए होटल कर्मी को किसी तरह आग की चपेट में आने से बचाया। इस अग्निकांड के दौरान पुलिस ने होटल में रुके सभी यात्रियों को भी सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की है।
तपोवन पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण रावत ने बताया कि जिस होटल में आग लगी है उसका नाम होटल तपोवन हिल है। आग लगने की घटना के बाद होटल के 10 कमरों को खाली कराया गया और आग लगी मंजिल के पास रखें एलपीजी गैस सिलेंडर को भी बाहर निकाल कर खतरे को कम किया गया। जिस होटल कर्मी की जान बचाई गई है उसका नाम मयंक कुमार निवासी बिजनौर है। फिलहाल फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है। बताया जा रहा है आग लगने से होटल में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है।
मयंक कुमार से पूछताछ में पता चला कि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से होटल की छठी मंजिल में आग लगी है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नही है।झील में युवती का शव मिलने से सनसनी
नैनीताल। जिले के भीमताल में शनिवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहंुची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने भीमताल झील किनारे एक शव को तैरते हुए देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भीमताल पुलिस ने फायर सर्विस की मदद से शव को झील से बाहर निकलवाया। प्रथम दृष्टया शव एक दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की जेब से या आसपास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों को सूचना देकर लापता युवतियों की सूची मंगवाई है। भीमताल के सीओ प्रमोद साह ने बताया कि शनिवार की सुबह भीमताल झील में एक युवती का शव मिला। फिलहाल युवती के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रखा है। युवती की पहचान की कोशिश कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल युवती के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह आत्महत्या है या हत्या, इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।उत्तराखण्ड में तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद
देहरादून। उत्तराखंड में जून के शुरू होने के साथ ही बारिश का दौर चला। जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। किन्तु एक बार फिर उत्तराखंड में गर्मी लौटने लगी है। आगामी दिनों में उत्तराखण्ड में और अधिक तापमान बढ़ने की मौसम विभाग ने आशंका जताई है।
कई दिनों से लगातार उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों से लेकर मैदानी जिलों तक में बारिश देखने के लिए मिली. वहीं ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई, जिसके चलते प्रदेश भर में मौसम ठंडा बना हुआ था। लेकिन एक बार फिर बारिश के रुकने के बाद मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से गर्मी सताने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यह गर्मी और ज्यादा परेशान करने वाली है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ बिक्रम सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में लगातार उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश देखने के लिए मिली। जिसके चलते राज्यभर में तापमान कम हो गया था. लेकिन शनिवार को प्रदेशभर के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप खिलने से तापमान में इजाफा देखा गया। मैदानी इलाकों का तापमान 35 के पार पहुंच गया। जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है।. हालांकि पर्वतीय इलाकों में बादल मांडने से थोड़ी राहत मिली। आने वाले दिनों में तापमान और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।


