- टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू अभियान तेज, हर संभावित स्थान पर बारीकी से खोजबीन
- पंपों से पानी निकालने, मलबा हटाने और टनल में फंसी मशीनों को बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी
- हर चुनौती को पार कर आगे बढ़ रहा रेस्क्यू अभियान, लापता दो लोगों की तलाश जारी
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए जिला प्रशासन की ओर से रविवार को रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा रेस्क्यू में जुटी सभी टीमों से समन्वय करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैठाणा के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा फिर धंसने से मार्ग पर एक ट्रक फंस गया। हाईवे के इस हिस्से में बार-बार हो रहे भू-धंसाव ने यात्रियों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। साथ ही स्थानीय लोगों को इसके कारण परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
मैठाणा में जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां पूर्व में सड़क के उपचार और मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके है। इसके बावजूद दोबारा सड़क धंसने से किए गए उपचार की गुणवत्ता और उसकी स्थायित्व पर सवाल खड़े हो गए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बरसात में इस हिस्से की स्थिति बिगड़ जाती है, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय मरम्मत तक ही काम सीमित रह जाता है।
सड़क धंसने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही करने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में किए गए कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच कराकर सड़क का स्थायी उपचार कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग चारधाम यात्रा के साथ ही स्थानीय आवागमन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क का बार-बार धंसना न केवल यातायात के लिए परेशानी पैदा कर रहा है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगों ने विभाग से बारिश के दौरान संवेदनशील हिस्सों की लगातार निगरानी और समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा आजकल चारधाम यात्रा चल रही है। साथ ही मानसून की बारिश भी हो रही है। ऐसे वक्त में सड़क धंसने की घटना दुखदाई है। उन्होंने कहा कि सड़क धंसने की घटना से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में जल्द जल्द इसका ट्रीटमेंट किया जाना चाहिए।
आगे पढ़ें
आश्रय गृह से 8 साल की बच्ची लापता होने से मचा हड़कंप
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित आश्रय गृह से आठ वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। बच्ची 15 अगस्त को आश्रय गृह में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मौका पाकर बाहर निकल गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर आश्रय गृह की अधीक्षिका ने कोतवाली ज्वालापुर में बालिका की गुमशुदगी दर्ज कराने और उसकी तलाश के लिए पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं बच्ची के अचानक लापता हो जाने के बाद आश्रय गृह में हड़कंप मचा हुआ है।
आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि, बालिका करीब आठ वर्ष की हरियाणा निवासी है. जिसे बाल कल्याण समिति हरिद्वार के आदेश पर 13 अगस्त को ज्वालापुर स्थित आश्रय गृह में लाया गया था। 15 अगस्त की सुबह आश्रय गृह में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बच्चे अपनी प्रस्तुतियां दे रहे थे। इसी दौरान बालिका मौका पाकर आश्रय गृह से बाहर निकल गई। बालिका के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद आश्रय गृह के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की।
आश्रय गृह के आसपास के क्षेत्रों के अलावा ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, हरिद्वार रेलवे स्टेशन, हरिद्वार बस स्टैंड और हरकी पैड़ी समेत अन्य संभावित स्थानों पर बालिका को तलाश किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बावजूद बालिका के नहीं मिलने पर आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी गोयल ने 15 अगस्त को ही ज्वालापुर कोतवाली में लिखित शिकायती पत्र दिया।
पत्र में बालिका की गुमशुदगी दर्ज करने के साथ ही उसे जल्द तलाश करने के लिए पुलिस से अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि, इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
आगे पढ़ें
मंदिर से पूजा करके घर लौट रही महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
उधम सिंह नगर। रविवार सुबह काशीपुर के टांडा उज्जैन क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मंदिर से पूजा कर घर लौट रहीं 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने घर के सामने स्थित शिव मंदिर से पूजा-अर्चना कर सड़क पार करते हुए घर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही हाइड्रा क्रेन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार द।. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा क्रेन को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ हादसे की जांच में जुटी है। मृतका के शव को पीएम के लिए भेजा गया है।
घटना के मुताबिक,रविवार सुबह टांडा उज्जैन निवासी सुनील यादव की पत्नी राज कुमारी यादव, उम्र 52 वर्ष, अपने घर के ठीक सामने स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गई थी। पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद वह मंदिर से बाहर निकलीं और सड़क पार कर अपने घर की ओर जाने लगी। इसी दौरान सामने से आ रही हाइड्रा क्रेन ने उन्हे टक्कर मार दी। हाइड्रा की टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल महिला की मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी। एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। राजकीय चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में परिवार के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। बताया जा रहा है कि मृतका की एक बेटी है, जिसकी शादी रामपुर में हुई है। हादसे की सूचना बेटी और उसके ससुराल पक्ष को भी दी गई।
उधर, हादसे के बाद हाइड्रा क्रेन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाइड्रा क्रेन को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के समय हाइड्रा क्रेन की गति कितनी थी।
आगे पढ़ें
बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने की शिक्षा मंत्री आवास कूच की कोशिश
देहरादून। रविवार सुबह बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास का घेराव करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को परेड ग्राउंड के निकट कनक चैक पर रोक दिया और हिरासत में ले लिया।
अपने पूर्व घोषित कार्यक्रानुसार रविवार सुबह सभी बेरोजगार परेड ग्राउंड के पास एकत्रित हुए। उसके बाद अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए जैसे ही कनक चैक पर पहुंचे, वहां पहले से ही मौजूद पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कनक चैक पर हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय ले जाकर छोड़ा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडे ने कहा कि, सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। बीपीएड प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कई बेरोजगार अभ्यर्थियों की आयु सीमा भी पार हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद सरकार उनकी नियुक्ति को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
जगदीश पांडे ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस और भाजपा, दोनों सरकारों ने समय-समय पर प्रशिक्षित बेरोजगारों को नियुक्ति का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पाई है। नियुक्ति की मांग को लेकर प्रशिक्षित बेरोजगार पिछले 75 दिनों से शिक्षा निदेशालय के बाहर धरने पर बैठे हैं, जबकि 58 दिनों से क्रमिक अनशन भी जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो प्रशिक्षित बेरोजगार आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। शारीरिक शिक्षा शिक्षक बेरोजगारों की यह मांग है कि उच्च प्राथमिक विद्यालय में शारीरिक शिक्षक फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग से मंजूरी देकर कैबिनेट में पास किया जाए।
आगे पढ़ें
टनल हादसे के घायल श्रमिकों से मिले मदन कौशिक
चमोली। चमोली पीपलकोटी टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे में घायल श्रमिकों के उपचार को लेकर सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। जहां उन्होंने हादसे में घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने श्रमिकों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों से उनके उपचार की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
कैबिनेट मंत्री ने कहा घायल श्रमिकों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 11 श्रमिक अस्पताल में भतीर्रू कैबिनेट मदन कौशिक ने बताया जिला अस्पताल गोपेश्वर में फिलहाल 11 श्रमिक उपचाराधीन हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों से प्रत्येक घायल की स्वास्थ्य स्थिति और अब तक दिए गए उपचार की जानकारी ली।
उन्होंने कहा हादसे में घायल हर श्रमिक के स्वास्थ्य को सरकार गंभीरता से ले रही है। उपचार के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चिकित्सकों को दिए जरूरी निर्देशरू कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने अस्पताल प्रबंधन से कहा घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। उपचार में आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाए। उन्होंने कहा सरकार की प्राथमिकता घायल श्रमिकों को जल्द स्वस्थ कर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना है।
टनल हादसे के बाद राहत और बचाव अभिइस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.यान के साथ अब घायलों के उपचार पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। जिला अस्पताल में भर्ती श्रमिकों की चिकित्सकीय निगरानी लगातार की जा रही है।
आगे पढ़ें
सीएम धामी ने कुमाऊं संभाग के बैठक में की शिरकत

हल्द्वानी। हल्द्वानी के चोरगलिया में भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान शुद्धिकरण मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस जाति का कार्ड खेलकर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है। वहीं राहुल गांधी व सलाहकारों पर भी मुख्यमंत्री धामी ने तीखा हमला बोला।
हल्द्वानी के चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ पैलेस रिजॉर्ट में भाजपा कुमाऊं मंडल के जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री कुमाऊं मंडल के जिला और मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करने पहुंचे है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में चल रहे शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि में विभाजनकारी नैरेटिव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी रामलीला मैदान में धार्मिक उन्माद फैलाने वाले नारे लगाए गए। साथ ही मैदान में गंदगी की गई। जिसके विरोध में कुछ स्वयंसेवी संगठनों के लोगों द्वारा स्थल का शुद्धिकरण किया गया। सीएम धामी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी के साथ व्यवहार पर भी कांग्रेस को जमकर घेरा। उत्तराखंड ने हमेशा सभी को अपनाया है। इसलिए यहां जाति या वर्ग के आधार पर विभाजन की राजनीति नहीं चल सकती। उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी की भाषा से लगता है उनके मन में क्या चल रहा है। उनके चाटुकार उन्हें पता नहीं क्या सलाह दे रहे हैं, जिनकी दादी देश की सालों साल प्रधानमंत्री रही, जिनकी मां देश चलाती रही। मंच पर फूहड़ नाटक करते हैं और मंच पर एक दूसरे को गले लगाते हैं। उन्होंने कहा कि ये दर्शाता है कि महिलाओं के प्रति उनकी क्या सोच है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस की ऐसी राजनीति उसकी हताशा और निराशा को दर्शाती है। इसी खराब सोच के कारण मोदी सरकार में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलने में देरी हो रही है।
आगे पढ़ें
पैसों के हिसाब-किताब मामले में दो भाईयों पर जानलेवा हमला
देहरादून। पैसों के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक युवक का हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया। जबकि दूसरे की कोहनी बुरी तरह टूटने के साथ हाथ कट गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुल पार्क रोड निवासी कुलविंदर सिंह ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि 13 अगस्त 2026 की रात करीब 12 बजे जसप्रीत सिंह ने ऋतिक मेहता और कार्तिक मेहता दोनों भाइयों को पैसों के हिसाब-किताब के लिए पार्क रोड स्थित अपने घर के पास बुलाया था। वहां पहुंचने पर जसप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी ने ऋतिक मेहता और कार्तिक मेहता पर तलवार समेत धारदार हथियार से हमला कर दिया।
आरोप है कि जसप्रीत सिंह और हरदयाल सिंह ने तलवार से दोनों के सिर पर वार किए। हमले से बचने के दौरान कार्तिक मेहता के हाथ पर तलवार लगी, जिससे उसका एक हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया। वहीं ऋतिक मेहता के हाथ की कोहनी बुरी तरह टूट गई और हाथ कट गया. हमले में दोनों युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घायल होने के बाद भी तीनों आरोपी दोनों भाइयों को पीटते रहे और जान से मारने की धमकी देते रहे. आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों युवकों को आरोपियों से छुड़ाया। इस घटना के दौरान दोनों भाइयों के दोस्त कुलविंदर सिंह भी मौके पर थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में दोनों को मसूरी रोड स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया जा रहा है।
आगे पढ़ें
गहरी खाई में गिरा पिकअप, एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत

देहरादून। रविवार सुबह जिले के विकासनगर-त्यूणी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल है। सूचना पर थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को खाई से बाहर निकाला।
देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन टियूटाड की ओर से त्यूणी की ओर जा रहा था, तभी टियूटाड के समीप सुबह पिकअप वाहन चालक गाड़ी से नियत्रंण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन में तीन लोग सवार थे, लेकिन घटना के बाद मौके पर पहुंचे वाहन स्वामी का कहना है कि हादसे में मृतक व घायल वाहन चालक नहीं है। वहीं वाहन चालक का मोबाइल फोन ऑफ आ रहा है।
वहीं हादसे की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा थाना त्यूणी पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष कुलदीप शाह की टीम और एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया। जिसके बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी उपचार के लिए लाया गया, जबकि एक की मौके पर मौत हो गई। वाहन दुर्घटना में एक गंभीर घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में इलाज चल रहा है और एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पंचायत नामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।मृतक की पहचान खजान लाल (उम्र 40 साल) पुत्र दुर्भी लाल ग्राम सुनकडी पो सांकरी थाना मोरी और घायल की पहचान रविन लाल (उम्र 34 साल) पुत्र रकमू लाल ग्राम सुचाणू ,पो नेटवाड तहसील मोरी के रूप में हुई है।
आगे पढ़ें
पुलिस मुठभेड के बाद वांटेड बदमाश गिरफ्तार
रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस के लिए वांटेड था। पुलिस दबिश के दौरान वह हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भागकर छिप गया। पुलिस टीम ने जंगल में उसकी घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर किए, फायरिंग में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा,पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चंदन सागर के सीधे पैर में गोली लगी।
घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से दबोच लिया और उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि देर रात एक युवक को पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था। गोली पैर के आर-पार निकल गई थी। चिकित्सकीय टीम ने उसका उपचार किया, जिसके बाद पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। सुशील कुमार ने बताया कि वह हाल में रामनगर में हुई एक घटना का भी आरोपी था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का संदेश दिया है।

