HTML tutorial

65 गांवों की आस्था के केंद्र रुद्रेश्वर महादेव मंदिर को मिलेगी नई भव्यता! डांडा देवराणा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.79 करोड़ मंजूर, विधायक दुर्गेश्वर लाल ने CM धामी का जताया आभार ।

Pahado Ki Goonj

 65 गांवों की आस्था के केंद्र रुद्रेश्वर महादेव मंदिर को मिलेगी नई भव्यता!
डांडा देवराणा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.79 करोड़ मंजूर, विधायक दुर्गेश्वर लाल ने CM धामी का जताया आभार ।

देहरादून। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विल्ला नौगांव स्थित 65 गांवों के आराध्य देवता श्री रुद्रेश्वर महादेव के डांडा देवराणा मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर धनराशि स्वीकृत किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बड़े धार्मिक स्थलों के साथ ही स्थानीय आस्था और परंपराओं से जुड़े मंदिरों एवं मेलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं और इनके संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि डांडा देवराणा का रुद्रेश्वर महादेव मंदिर 65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से बड़ी संख्या में लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं जुड़ी हैं। ₹1.79 करोड़ की स्वीकृति से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जा सकेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
राजकीय मेला घोषित होने पर भी जताया आभार
विधायक ने मुख्यमंत्री धामी का डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित करने के लिए भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से ऐतिहासिक एवं धार्मिक मेले को व्यापक पहचान मिलेगी तथा क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत के संरक्षण को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर रुद्रेश्वर मंदिर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं सदस्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा नेता जगनमोहन चंद, सरदार सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बचन चौहान, वर्तमान मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You May Like