
चारधाम यात्रा मार्गों पर चला वृहद स्वच्छता अभियान, भैरव घाटी से 80 किलो कूड़ा हटाया ।
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में जनपद में व्यापक स्तर पर वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं निकायों को नियमित सफाई अभियान चलाने तथा यात्रा मार्गों को प्लास्टिक एवं कूड़ा-मुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गंगा घाटी क्षेत्र में गंगोत्री नगर पंचायत और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से भैरव घाटी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यात्रा मार्ग एवं आसपास के वन क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में सूखा कूड़ा, प्लास्टिक की बोतलें, रैपर तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की गई। सफाई टीम ने लगभग 70 से 80 किलोग्राम कूड़े का संग्रह कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया।
वहीं यमुना घाटी क्षेत्र में भी स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। गंगनानी, खरादी, कुथनौर, पालीगाड, स्यानाचट्टी और रानाचट्टी सहित विभिन्न पड़ावों एवं बाजार क्षेत्रों से नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जा रहा है। संग्रहित कूड़े को प्रतिदिन वाहनों के माध्यम से डंपिंग जोन एवं निस्तारण केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा सभी यात्रियों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

