
तिरंगे की शान में गूंजा उत्तरकाशी, खाकी के 3 जांबाजों को मिला DGP प्रशस्ति डिस्क ।
उत्तरकाशी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तरकाशी पुलिस ने जनपदभर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया। पुलिस लाइन ज्ञानसू से लेकर पुलिस कार्यालय, कोतवाली, थाना, चौकी, फायर स्टेशन और विभिन्न पुलिस शाखाओं में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान के साथ जवानों ने तिरंगे को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की आजादी, राष्ट्र की रक्षा और देश को सशक्त बनाने में तन-मन से योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंसा से दूर रहते हुए धर्म, भाषा, राजनीतिक एवं आर्थिक विवादों को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीकों से हल करने का आह्वान किया।
SP ने जवानों के समर्पण को सराहा
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमांत और पर्वतीय जनपद उत्तरकाशी में पुलिस की जिम्मेदारियां बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, मानसून, भूस्खलन, सड़क दुर्घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं जैसी विषम परिस्थितियों में पुलिस जवान साहस, धैर्य और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं।
उन्होंने पुलिस बल से उत्तरकाशी पुलिस को और अधिक संवेदनशील, जवाबदेह, अनुशासित एवं जनविश्वास पर आधारित पुलिस बल बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
SP कमलेश सहित 3 पुलिसकर्मी DGP प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा, विशिष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए उत्तरकाशी पुलिस के तीन अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किया गया।
कमलेश, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी — विशिष्ट कार्य के लिए DGP प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’
मुख्य आरक्षी बीना चौधरी, कोतवाली धरासू — सेवा के आधार पर DGP प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’
आरक्षी लायवर सिंह, थाना मोरी — विशिष्ट कार्य के लिए DGP प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’
पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पहले सम्मानित 11 पुलिसकर्मी भी मेडल से अलंकृत
समारोह में स्वतंत्रता दिवस-2025 एवं गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर सम्मानित उत्तरकाशी पुलिस के 11 अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी मेडल से अलंकृत किया गया।
इनमें पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र, थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत, उपनिरीक्षक प्रकाश राणा, अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण चुफाल, अपर उपनिरीक्षक प्रमोद उनियाल, आरक्षी गजेन्द्र सिंह, आरक्षी कुलदीप सिंह, मुख्य आरक्षी आशीष रावत तथा आरक्षी त्रिलोक पंवार शामिल रहे।


