HTML tutorial

समेश्वर महाराज के अषाढ़ मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, ।

Pahado Ki Goonj

समेश्वर महाराज के अषाढ़ मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, ।

बड़कोट/उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम क्षेत्र की गीट्ठपट्टी के 12 गांवों के ईष्ट आराध्य समेश्वर महाराज का पारंपरिक अषाढ़ मेला इस वर्ष अटल आदर्श ग्राम पंचायत बाडिया में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मेले में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर समेश्वर महाराज के दर्शन किए तथा सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजलवान भी विशेष रूप से मेले में पहुंचे। उन्होंने समेश्वर महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि समेश्वर महाराज का अषाढ़ मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का प्रतीक है, जो गीट्ठपट्टी के 12 गांवों को आस्था के सूत्र में जोड़ता है। ऐसे पारंपरिक मेले हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
मेले के दौरान पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और देव वंदना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने देव आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। पूरे आयोजन में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य पुजारी संतोष उनियाल एवं रामलाल उनियाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। वहीं समेश्वर देवता समिति के सदस्य विपिन पंवार, चैन सिंह, संतोष, राकेश सहित अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीण आयोजन में उपस्थित रहे।
अषाढ़ मेले में गीट्ठपट्टी के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपराओं के प्रति गहरे जुड़ाव को एक बार फिर प्रदर्शित किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने समेश्वर महाराज के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।

You May Like