HTML tutorial

राजकीय जूनियर शिक्षक संघ की नई जिला कार्यकारिणी गठित ।

Pahado Ki Goonj

राजकीय जूनियर शिक्षक संघ की नई जिला कार्यकारिणी गठित ।

उत्तरकाशी। बड़कोट ।

 

उत्तराखंड राजकीय जूनियर शिक्षक संघ, जनपद उत्तरकाशी का शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं 12वां त्रिवार्षिक अधिवेशन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़कोट में आयोजित किया गया। अधिवेशन में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान लंबे समय से मांगों के समाधान को लेकर सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई न होने पर शिक्षकों ने नाराजगी व्यक्त की।
अधिवेशन में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के राजकीय जूनियर विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की विभिन्न सेवा संबंधी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने सरकार से मांगों का शीघ्र निस्तारण करते हुए शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें दिनेश असवाल को जिलाध्यक्ष, घनश्याम प्रसाद पैन्यूली को जिला महामंत्री, राकेश कुमार को कोषाध्यक्ष तथा मोहन लाल शाह को संयुक्त मंत्री चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारी मिलने पर सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों और शैक्षिक व्यवस्था के उन्नयन के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों की ओर से रखी गई समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि शिक्षकों की मांगों को उचित स्तर पर रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी जायज समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है।
अधिवेशन में शिक्षकों ने संगठन की आगामी कार्ययोजना और शैक्षिक उन्नयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों की समस्याओं का समाधान भी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। संगठन ने शिक्षकों की एकजुटता बनाए रखते हुए लंबित मांगों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसोदा राणा सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

You May Like