HTML tutorial

पनियाला की एकजुटता बनी मिसाल, इंद्रमणि नौटियाल के परिवार को सौंपे ₹1.59 लाख ।

Pahado Ki Goonj

पनियाला की एकजुटता बनी मिसाल, इंद्रमणि नौटियाल के परिवार को सौंपे ₹1.59 लाख ।

उत्तरकाशी। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की रौणद रमौली पट्टी स्थित ग्राम पंचायत पनियाला में मानवता, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। पिछले करीब आठ वर्षों से विदेश की धरती पर फंसे इंद्रमणि नौटियाल के परिवार की सहायता के लिए गांव के लोगों ने एकजुट होकर सेवा अभियान चलाया और बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

अभियान के तहत जुटाई गई ₹1 लाख 59 हजार की संपूर्ण सहयोग राशि इंद्रमणि नौटियाल के परिवार को सौंप दी गई। इस अवसर पर इंद्रमणि नौटियाल की सुपुत्री दीपिका नौटियाल सहित परिवार के सदस्यों ने ग्राम पंचायत पनियाला के लोगों और सभी सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

परिवार की मदद के लिए ग्रामवासियों, दानदाताओं, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और युवा साथियों ने दिल खोलकर योगदान दिया। अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार के कठिन समय में उसके साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का सबसे बड़ा परिचायक है।

बताते चलें कि इंद्रमणि नौटियाल पिछले करीब आठ वर्षों से विदेश में फंसे हुए हैं। उनकी सकुशल घर वापसी के लिए उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देशभर में विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी सहित अनेक लोग उनकी घर वापसी के लिए मुहिम चलाकर सहयोग का हाथ बढ़ा रहे हैं।

ग्राम पंचायत पनियाला की ओर से सभी दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया गया। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि ग्रामसभा पनियाला की एकजुटता, भाईचारे और मानवता की मजबूत भावना का प्रतीक है। पूरे गांव द्वारा परिवार की मदद के लिए बढ़ाए गए हाथ समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं।

इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिवाकर पैन्यूली, मंदिर समिति अध्यक्ष सोहन पैन्यूली, संजय पैन्यूली सहित ग्राम पंचायत पनियाला के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

You May Like