
मौगी न्याय पंचायत की खेल प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, कबड्डी में नैनबाग और मौगी का दबदबा।
टिहरी । नैनबाग ।
न्याय पंचायत मौगी के अंतर्गत राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटरमीडिएट कॉलेज घोड़ाखुरी में दो दिवसीय शरदकालीन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संकुल मौगी के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य प्रशान्त बिहे बिष्ट ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान दीपेन्द्र सिंह बिष्ट, पूर्व सीआरसी युद्धवीर सिंह रावत, ग्राम प्रधान घोड़ाखुरी सीमा देवी, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि उपेन्द्र सिंह रावत, एसएमसी अध्यक्ष मुरारी लाल तथा पीटीए अध्यक्ष रघुवीर सिंह कंडारी मौजूद रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक बालक वर्ग में शैक्षिक विद्यालय नैनबाग की संयुक्त टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक बालिका वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोड़ी पंतवाड़ी विजेता रहा। उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मौगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालक वर्ग में देवांशी पब्लिक स्कूल नैनबाग की टीम प्रथम रही।
दौड़ प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में राजकीय प्राथमिक विद्यालय घोड़ाखुरी के प्रिंस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में नेहा ने बाजी मारी। उच्च प्राथमिक वर्ग की 400 मीटर बालिका दौड़ में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मौगी की अमूली प्रथम तथा प्रिया द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में आयन प्रथम और पारस द्वितीय स्थान पर रहे। खो खो में भी राजकीय प्राथमिक विधालय कोड़ी पन्तवाडी प्रथम विजेता रहा ।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में न्याय पंचायत समन्वयक महावीर सिंह भंडारी, सह समन्वयक जयन्ती, संरक्षक चमनलाल वर्मा, लेखा प्रभारी जगपाल सिंह कटारिया तथा संकुल समन्वयक जयदीप नाथ सहित सभी टीम प्रभारियों का योगदान रहा। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

