
कल 11 बजे बजेगा भूकम्प का सायरन, घबराएं नहीं!
देहरादून। उत्तराखंड में भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली की तैयारियों को परखने और लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराने के लिए 9 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यभर में भूकम्प का सायरन बजाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह वास्तविक भूकम्प की चेतावनी नहीं, बल्कि पूर्व निर्धारित परीक्षण है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन के अनुसार, राज्य में वर्तमान में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित हैं। परीक्षण के दौरान इनकी कार्यप्रणाली जांची जाएगी और तकनीकी खामी मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त किया जाएगा।
परीक्षण के समय भूदेव मोबाइल ऐप पर भी चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज आ सकती है। लोगों से ऐप का अपडेटेड वर्जन रखने और उसे लोकेशन की हमेशा अनुमति देने की अपील की गई है।
यूएसडीएमए ने लोगों से अपील की है कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं, बल्कि इसे भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली के नियमित परीक्षण के रूप में समझें। परिवार के सदस्यों, बच्चों और बुजुर्गों को भी इसकी जानकारी दें।
खास बात: राज्य में भविष्य में सेंसर और सायरन की संख्या बढ़ाकर लगभग 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर चेतावनी तंत्र मजबूत करने की योजना है।


