
### सौली खड्ड के पास पुलिस का छापा, एक लाख की स्मैक के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार
**नौगांव में चेकिंग के दौरान पुरोला पुलिस को मिली सफलता, 3.17 ग्राम स्मैक बरामद**
उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुरोला पुलिस ने नौगांव के सौली खड्ड के समीप चेकिंग के दौरान एक युवक को 3.17 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत सोमवार सुबह पुलिस टीम नौगांव क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.17 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान अमीन पुत्र संतुलाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम स्योरी, पुरोला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष दीपक कठैत के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में नौगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रावत, कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और प्रियांशु शामिल रहे।


