
दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय, सीएम धामी का जताया आभार
**मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने की मुलाकात, मानदेय वृद्धि के फैसले को बताया राहत भरा कदम**
देहरादून। उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के लिए राहत भरी खबर है। दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी संगठनों में खुशी का माहौल है। रविवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और उनका आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनका योगदान सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के समर्पण और सेवाभाव से महिला एवं बाल विकास की योजनाओं को मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।


