देहरादून में किराये के मकान में चल रहा था कथित देह व्यापार! पुलिस की छापेमारी, चार गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून में किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में छापेमारी कर एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली थी कि संस्कृति लोक कॉलोनी में किराये पर कमरा लेकर कथित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित मकान में औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


