HTML tutorial
HTML tutorial

ऊंची दीवार, रफ्तार और जुनून! उत्तरकाशी में शुरू हुई राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता ।

Pahado Ki Goonj

ऊंची दीवार, रफ्तार और जुनून! उत्तरकाशी में शुरू हुई राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता ।

उत्तरकाशी ।
मदन पैन्यूली।

खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 के तहत शुक्रवार को उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) में राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का संयुक्त शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और एनआईएम के प्रधानाचार्य एसएस राजपुरोहित ने किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ी अपनी रफ्तार, एकाग्रता और साहस का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के साथ 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की ओपन महिला प्रतिभागी हिस्सा ले रही हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि खेल महाकुंभ के अंतर्गत पहली बार उत्तरकाशी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग में अनुशासन के साथ एकाग्रता और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, फोकस और सेकंड के सौवें हिस्से में सही निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा है।

उन्होंने इस खेल से मिलने वाली तीन महत्वपूर्ण सीख साझा कीं। पहली, नजर हमेशा अगले कदम पर रखें। दूसरी, गिरने से कभी न डरें। तीसरी, दूसरों से नहीं, बल्कि खुद से मुकाबला करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगिता को बेहतर और सार्थक बनाना खिलाड़ियों के हाथ में है। उन्होंने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि विजेता केवल वह नहीं होता, जो मेडल जीतता है, बल्कि वह भी विजेता है, जो ऊंची दीवार को देखकर उसे फतह करने के लिए पहला कदम उठाता है

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य एसएस राजपुरोहित ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग ओलंपिक स्तर का खेल है और उत्तराखंड में इस खेल के विकास की बेहतर संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आदर्श पंत, संदीप राणा, प्रवेश पैन्यूली, लोकेन्द्र नेगी, व्यायाम प्रशिक्षक सचिन रावत, निर्णायक अजय नौटियाल, खेल प्रशिक्षक अमित राणा, चंद्रमोहन, सुनील गुसाईं, शीला पंवार, संगीता, ममता और मिनाक्षी अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You May Like