स्कूल में छात्राओं को HPV टीकाकरण के प्रति किया जागरूक ।
बड़कोट। उत्तरकाशी ।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्यालब, बड़कोट में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से एचपीवी टीकाकरण जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को एचपीवी संक्रमण से बचाव, टीकाकरण के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में एएनएम सुश्री रुचिता सिलस्वाल, सब सेंटर गौल ने छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ तथा टीकाकरण से जुड़ी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित टीकाकरण को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और समय पर बचाव के उपाय भविष्य में गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जागरूकता शिविर में विद्यालय की 15 छात्राओं ने सक्रिय रूप से भागीदारी की। छात्राओं ने एचपीवी टीकाकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य विभाग की टीम से आवश्यक जानकारी एवं परामर्श लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से ए.फ. श्रीमती शशि रावत, आशा कार्यकर्ता श्रीमती अंबालिका देवी तथा आशा कार्यकर्ता श्रीमती आनंदी रावत भी मौजूद रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं टीकाकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस दौरान सहायक अध्यापक सामान्य सहदेव सिंह बिष्ट, सहायक अध्यापक एलटी विज्ञान प्रमोद सिंह राणा, सहायक अध्यापक हिंदी मनमोहन चौहान, सहायक अध्यापक व्यायाम मुकेश चंद्र तथा सहायक अध्यापक अंग्रेजी दिनेश कुमार मौजूद रहे।
विद्यालय परिवार और स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, टीकाकरण और रोगों से बचाव के संबंध में जानकारी देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के माध्यम से छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।

