HTML tutorial

भालू का जानलेवा हमला: डांडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंचा घायल युवक, सड़क बंद होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा ।

Pahado Ki Goonj

भालू का जानलेवा हमला: डांडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंचा घायल युवक, सड़क बंद होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा ।

मोरी। विकासखंड मोरी के सीमांत क्षेत्र में वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत फिताड़ी निवासी 24 वर्षीय अनुरोध राणा पुत्र सिलदार सिंह राणा पर शुक्रवार सुबह भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सड़क मार्ग बंद होने के कारण घायल युवक को ग्रामीणों ने डांडी-कंडी के सहारे कई किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, अनुरोध राणा शुक्रवार सुबह अपने बगीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बोसनी तोक के समीप घात लगाकर बैठे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाकर उसकी जान बचाई।
सड़क बंद होने से बढ़ी मुश्किल
ग्राम प्रधान कृष्णा राणा ने बताया कि क्षेत्र का मुख्य सड़क मार्ग बंद होने के कारण घटना के बाद एंबुलेंस अथवा अन्य वाहन मौके तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में ग्रामीणों ने घायल अनुरोध राणा को डांडी-कंडी पर बैठाया और पैदल ही अस्पताल की ओर रवाना हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क मार्ग लंबे समय से बाधित होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर वाहन सुविधा नहीं मिल पाना व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
भालू के आतंक से ग्रामीणों में दहशत
हमले के बाद फिताड़ी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता को देखते हुए नियमित गश्त बढ़ाने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और ग्रामीणों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सड़क मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

You May Like