HTML tutorial

1 सितंबर से उत्तरकाशी में बजेगा खेल महाकुंभ का बिगुल, डीएम ने दिए शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश

Pahado Ki Goonj

1 सितंबर से उत्तरकाशी में बजेगा खेल महाकुंभ का बिगुल, डीएम ने दिए शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश
उत्तरकाशी, । रिपोर्ट। मदन पैन्यूली।

उत्तराखंड में युवाओं को खेलों से जोड़ने, नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने और “ई-कल्चर से प्ले ग्राउंड” की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी खेल महाकुंभ–मा. मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। जनपद उत्तरकाशी में इसकी शुरुआत 1 सितंबर 2026 से न्याय पंचायत स्तर पर होगी।
खेल महाकुंभ की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में भौतिक एवं गूगल मीट के माध्यम से आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम तैयार करने और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को प्रतियोगिताओं का चार्ट तैयार करने के साथ ही सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, संस्कृत महाविद्यालय, आईटीआई तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों और व्यायाम प्रशिक्षकों को भी शिक्षण संस्थानों से समन्वय स्थापित कर अधिकतम प्रतिभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पुलिस, शिक्षा एवं खेल विभाग को आपसी समन्वय के साथ प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक खेल स्थल पर फर्स्ट एड बॉक्स, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि 1 से 10 सितंबर के बीच न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इसके बाद विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ियों के बीच एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो और मुर्गा झपट की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि वॉलीबॉल और पिट्टू का आयोजन सीधे विधानसभा स्तर पर किया जाएगा।
सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्टू के अलावा मलखंब, रस्साकशी, फुटबॉल, गोली-कंचा तथा बैडमिंटन (एकल एवं युगल) प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
राज्य स्तर पर इस वर्ष वेट लिफ्टिंग, बेसबॉल और लॉन टेनिस को नई प्रतियोगिताओं के रूप में शामिल किया गया है। वहीं 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिला ओपन प्रतियोगिताएं तथा दिव्यांगजन ओपन वर्ग में भी विभिन्न खेलों का आयोजन होगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। विधानसभा स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली न्याय पंचायत को एक लाख रुपये, जबकि सांसद स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली विधानसभा को दो लाख रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, देवानन्द शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

You May Like