
हेली सेवा से बची प्रसव पीड़िता की जान, परिजनों ने दीपक बिजल्वाण का जताया आभार
बड़कोट/उत्तरकाशी, ।
बड़कोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक गंभीर प्रसव मामले में समय पर हेली सेवा उपलब्ध होने से प्रसव पीड़िता की जान बचाई जा सकी। पीड़ित परिवार ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि दीपक बिजल्वाण का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, त्रिखिली गांव निवासी श्रीमती रमिता रावत, पत्नी पवन रावत, को 16 जून को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट लाया गया था। चिकित्सकों ने ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन दुर्भाग्यवश बच्चा मृत पाया गया। इसके बाद प्रसव पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ने लगी और मामला अत्यंत गंभीर हो गया।
अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के अभाव और मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी। ऐसे में मरीज के परिजन काफी चिंतित हो गए और उन्होंने दीपक बिजल्वाण से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई।
बताया गया कि सूचना मिलते ही दीपक बिजल्वाण ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी उत्तरकाशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) उत्तरकाशी तथा उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग के सचिव से तत्काल संपर्क किया और मरीज के लिए हेली एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप हेली सेवा स्वीकृत हुई और शाम करीब 4 बजे प्रसव पीड़िता को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
पीड़िता के परिजनों ने कहा कि यदि समय पर हेली सेवा उपलब्ध नहीं हो पाती तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने दीपक बिजल्वाण के त्वरित प्रयासों और संवेदनशीलता के लिए उनका विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महाबीर पंवार ने कहा कि जैसे ही उन्होंने दीपक बिजल्वाण को मामले की जानकारी दी और बताया कि पीड़िता एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है, तो उन्होंने बिना देर किए प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर सहायता सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि दीपक बिजल्वाण हमेशा आमजन, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सुख-दुख में खड़े रहने के लिए जाने जाते हैं।
परिजनों ने आशा व्यक्त की है कि एम्स ऋषिकेश में उपचार के बाद प्रसव पीड़िता शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौटेगी।


