
छात्र से मारपीट, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
कुत्ते को पत्थर मारने के बाद युवक ने छात्र को दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने लिया संज्ञान ।
बड़कोट (उत्तरकाशी)। नौगांव ब्लॉक के कुथनौर कस्बे में एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक द्वारा कुत्ते को पत्थर मारने की घटना के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने छात्र को सड़क पर दौड़ाकर डंडे से पीटा। आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि 24 फरवरी 2026 को पीड़ित पक्ष की तहरीर एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक सुमित भंडारी के विरुद्ध कोतवाली बड़कोट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(2), 351(3) एवं 352 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए जांच एवं विवेचनात्मक कार्यवाही जारी है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


