
रामलीला मैदान में गूंजा खेल और नशामुक्ति का संदेश ।
उतरकाशी ।
उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मंगलवार को स्वर्गीय सौरभ भट्ट की पुण्य स्मृति में सौरभ फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रथम सौरभ मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य और गरिमामय शुभारंभ हुआ। “नशे को ना, खेल/जिंदगी को हां” की प्रेरणादायक थीम के साथ शुरू हुए इस आयोजन ने युवाओं को खेल भावना के साथ नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट के अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान एवं सभासदों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
मुकाबला बना सांसें थाम देने वाला
उद्घाटन मैच छात्रसंघ इलेवन और पत्रकार इलेवन के बीच खेला गया, जिसने मैदान पर रोमांच की नई इबारत लिख दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए छात्रसंघ इलेवन ने 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज आदित्य चौहान ने शानदार 65 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पत्रकार इलेवन की ओर से बलबीर परमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लेकर मैच में वापसी की कोशिश की।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेवन ने दमदार शुरुआत की। मैच का असली रोमांच तब देखने को मिला जब बलबीर परमार ने अकेले दम पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और मुकाबला आखिरी ओवर तक दिलचस्प बना रहा।
हालांकि, पूरी कोशिश के बावजूद पत्रकार इलेवन 6 विकेट पर 190 रन ही बना सकी और छात्रसंघ इलेवन ने 11 रन से जीत दर्ज कर उद्घाटन मुकाबले पर कब्जा जमा लिया।
खेल के साथ सामाजिक संदेश
इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, खेल प्रेमियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। टूर्नामेंट का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखते हुए सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना भी है।

