HTML tutorial

बद्रीनाथ हाईवे पर नशे में धुत्त ट्रोला चालक ने कुचले वाहन बार-बार हो रहे हादसों को लेकर तिलणी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन जाने सभी समाचार

Pahado Ki Goonj

बद्रीनाथ हाईवे पर नशे में धुत्त ट्रोला चालक ने कुचले वाहन
बार-बार हो रहे हादसों को लेकर तिलणी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
राजमार्ग से गुजर रहे विधायक रुद्रप्रयाग की हुई महिलाओं से तीखी बहस
रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से तीन किमी आगे तिलणी में एक ट्रोला चालक ने दो कार के साथ चार दुपहिया वाहनों को कुचल दिया। वाहन चलाते समय चालक नशे में धुत्त था, जिसकी स्थानीय जनता ने जमकर धुनाई की। इस दौरान राजमार्ग से गुजर रहे रुद्रप्रयाग विधायक की भी महिलाओं के साथ तीखी नोकझोंक हुई, जिसको लेकर आक्रोशित महिलाआंें ने कोतवाली मंें विधायक की शिकायत की।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सात बजे करीब गौचर से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा एक बेकाबू ट्रोला तिलणी कस्बे में सड़क किनारे आधा दर्जन वाहनों को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में 2 कार, 3 स्कूटी एवं 1 बाइक क्षतिग्रस्त हुई है। गनीमत रही कि यहां किसी तरह की कोई जनहानि नही हुई है। पास ही में गुरुरामराय पब्लिक स्कूल है, जहां स्कूल का समय बदलने के कारण स्कूली बच्चे घटना के कुछ देर बाद स्कूल पहुंचे, जिससे किसी तरह की जनहानि रुक गई। अन्यथा यहां बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। इधर, आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तिलणी में जमकर विरोध किया। स्थानीय निवासी कल्पेश्वरी देवी, सरोजनी देवी, रविन्द्र कठैत, नरेंद्र बिष्ट आदि ने कहा कि तिलणी में चौथी घटना हो चुकी है। इससे पहले भी यहां तीन घटनाएं हो चुकी हैं, मगर इसके बाद भी एनएच, प्रशासन और पुलिस गंभीर नहीं है। यदि स्कूल के बच्चे यहां होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने तिलणी में लगातार बरती जा रही लापरवाही को लेकर शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश व्यक्त किया और स्थानीय लोगों के विरोध में साथ दिया। इस दौरान मौके पर आ रहे रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी का भी स्थानीय लोगों ने विरोध किया। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी ट्रोला चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी ने बताया कि चालक रमेश प्रकाश निवासी माणिकपुर थाना कुडा जिला प्रतापगढ़ यूपी को हिरासत में लेते हुए मेडिकल कराया गया है, जबकि मुकदमा लिखने की कार्यवाही की जा रही है। वहीं दूसरी ओर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने एनएच को हाईवे के दोनों ओर झाड़ियां काटने और एक्सीडेंटल एरिया संबंधित साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

आगे पढ़ें

विधायक के खिलाफ कोतवाल को दिया पत्र
रुद्रप्रयाग। ट्रोला हादसे के बाद राजमार्ग से गुजर रहे रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी को स्थानीय जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा। विधायक जब आक्रोशित महिलाओं के पास पहुंचे तो उन्होंने जाम खुलवाने का निवेदन किया, लेकिन महिलाओं ने मामले में शीघ्र कार्यवाही की मांग करते हुए विधायक को जमकर खरी खोटी सुनाई। इस दौरान किसी ने विधायक और महिलाओं के बीच जबर्दस्त बहस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। विधायक के तेवर देखकर महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उन्होंने मौके पर पहुंचे कोतवाल निरीक्षक को पत्र सौंपते हुए कहा कि विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने महिलाओं को बदतमीज, घन चक्कर कहा और कहा कि आप लोगों ने मुझे विधायक नहीं बनाया है। जिस पर आक्रोशित महिलाओं ने विधायक के खिलाफ कोतवाल निरीक्षक को पत्र सौंपा है।

पत्र देने वालों में पूजा देवी, कल्पना देवी, साक्षी देवी, उषा देवी, रीना देवी, विनीता देवी, रिंकी देवी, सरोज देवी, शशी देवी, उर्मिला देवी, सरिता देवी, रूकमणी देवी के हस्ताक्षर शामिल हैं।

आगे पढ़ें

हरियाली मेले को दिया जाएगा दिव्य और भव्य स्वरूप: पूनम
तीन दिवसीय हरियाली महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ
मेले में बॉलीबाल खेलकूद प्रतियोगिता का भी हो रहा आयोजन
रुद्रप्रयाग। मां हरियाली मेला दर्शन समिति के तत्चाधान में जसोली में तीन दिवसीय हरियाली महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हो गया। मेले में लगे विभागीय स्टालों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
रानीगढ़ क्षेत्र के जसोली में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत एवं मेला समिति के अध्यक्ष गौरव चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रुप से किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि हरियाली देवी पौराणिक मेला क्षेत्र की पहचान है। मेले को दिव्य व भव्य रुप मिले, इसके लिए वह पूरा प्रयास करेंगी। बताया कि मंदिर मार्ग पर धूप एवं बारिश से बचने के लिए टिनशेड का निर्माण हुआ है।
मेला समिति के अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि मेला समिति मेले की दिव्यता और भव्यता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। तीन दिवसीय मेले में स्थानीय विद्यालयों एवं महिला मंगल दलों को एक मंच भी मिलेगा। जहां उन्हें अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने सभी अतिथियों एवं स्थानीय जनता का आभार जताया। मेले में कृषि, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, बाल विकास समेत कई विभागों ने स्टाल भी लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
महोत्सव में राइंका चमकोट, राइका लदोली, राइका ग्वेफड, सीक्रेट हार्ट स्कूल घोलतीर के छात्र छात्राओं ने अपने कार्यक्रमों की जोरदार प्रस्तुतियां दी। वहीं मेले में बॉलीबाल खेलकूद प्रतियोगिता भी विधिवत शुरू हो गई है। इस अवसर पर पूर्व जिपंस शीला रावत, मेला समिति के अध्यक्ष गौरव चौधरी, सचिव बल्लभ प्रसाद जसोला, जयकृत सिंह, हनुमंत सिंह, पुष्कर चौधरी, लीला सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
आगे पढ़ें

यूजीबी ने किया महिलाओं के लिए रंगोली कार्यक्रम का आयोजन
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ओर से एनआरएलएम एसएचजी की महिलाओं को प्रोत्साहन को लेकर रंगोली और मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
क्षेत्रीय प्रबंधक देवेश जोशी ने बताया की जनपद में यूजीबी की आठ शाखाएं हैं और वित्त वर्ष 2025-26 में अभी तक 95 स्वयं सहायता समूह को एनआरएलएम के माध्यम से 5.67 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें 1.83 करोड़ वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की लक्ष्य महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत करना है, जिसको लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रहा है कि महिलाओं की आजीविका में वृद्धि हो रही है। इस मौके पर आरबीआई एजीएम धीरज अरोरा,  नाबार्ड से एलडीएम नेहा, अनूप सिंह, राजेंद्र रावत, मुकुल मिश्रा, राधा मिश्रा अन्य उपस्थित थे।

33333333333

जीएमवीएन प्रबंधक के निधन से क्षेत्र में शोक,
रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंधक यशवंत सिंह गुसांई का आकस्मिक निधन हो गया। वे 52 साल के थे और सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े थे। बीते दिन अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। कर्मचारी उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार मंदाकिनी नदी तट पर गंगतल में हुआ। गुसांई के निधन पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत, पूर्व सीएम हरीश रावत, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, भरत सिंह चौधरी, पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, प्रदीप, लक्ष्मी राणा, अंकुर ने शोक जताया

आगे पढ़ें
अगस्त्यमुनि में आयोजित सहकारिता मेले की तैयारियां शुरू
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने ली बैठक
रुद्रप्रयाग। जनपद में आगामी 29 अक्टूबर से दो नवम्बर तक अगस्त्यमुनि में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय सहकारी मेले की तैयारियां प्रशासन स्तर पर शुरू हो गई हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जिला सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर मेले को भव्य और सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल्स के माध्यम से शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में जनपद के विभिन्न सहकारी समूहों को विशेष स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला प्रदर्शन और जनजागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को अभी से ही मेले की तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपंन हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, निदेशक आरसेटी अरुण कुमार, एजीएम आरबीआई धीरज कुमार, लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह, डीडीएम नाबार्ड नेहा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें
बद्री गाय के गोबर से महिलाओं ने बनाए आकर्षक दीये,
स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गोबर व जड़ी-बूटियों से बना रहीं पर्यावरण मित्र दीपक व धूप,
अब तक तीन हजार से अधिक पर्यावरण हितैषी दीपक किए तैयार,
रुद्रप्रयाग। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही चारों ओर उल्लास, प्रकाश और उत्साह का वातावरण है। इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग की महिलाएं अपनी मेहनत और रचनात्मकता से इस पर्व को विशेष बना रही हैं। ब्लॉक जखोली के अंतर्गत जय रुद्रनाथ स्वायत सहकारिता समिति जवाड़ी से जुड़ी हिमाद्री महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बद्री गाय के गोबर से आकर्षक दीपक एवं जड़ी-बूटियों से बनी धूप का निर्माण कर रही हैं।
समूह की अध्यक्ष गुड्डी देवी ने बताया कि उन्होंने अब तक तीन हजार से अधिक पर्यावरण हितैषी दीपक तैयार किए हैं, जिनकी बाज़ार में अच्छी मांग देखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मुनि की रेती में आयोजित सरस आजीविका मेला 2025 में 500 से अधिक दीपक विक्रय किए गए हैं। इस पहल से न केवल घरों को स्वदेशी रोशनी से सजाने का अवसर मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आजीविका के नए द्वार भी खुल रहे हैं। इन महिलाओं की ओर से निर्मित गोबर आधारित दीये न केवल पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण हैं, बल्कि स्थानीय संसाधनों के उपयोग से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम भी हैं। इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना का विस्तार हो रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत ने समूह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी दीपक आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इस प्रकार के नवाचार न केवल आर्थिक मजबूती प्रदान करते हैं बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी प्रोत्साहित करते हैं। प्रशासन द्वारा ऐसे प्रयासों को आगे भी पूरा सहयोग दिया जाएगा।
इस तरह रुद्रप्रयाग की ग्रामीण महिलाएँ दीपावली पर न केवल अपने घरों को बल्कि अपने परिश्रम और नवाचार से आत्मनिर्भरता की ज्योति से पूरे जनपद को जगमगा रही हैं।
आगे पढ़ें

दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: प्रतीक
जिला स्तरीय पुनरीक्षण समितिएवं आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक
विभाग एवं बैंक आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन को बनाएं प्रभावी: जिलाधिकारी
रुद्रप्रयाग। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) एवं आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीएम ने जनपद में संचालित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित विभागों एवं बैंकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संबंधित अधिकारी ने चक्षु पोर्टल की भी जानकारी देते हुए बताया कि चक्षु पोर्टल भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की संचार साथी पहल का एक महत्वपूर्ण भाग है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को टेलीफोन आधारित धोखाधड़ी, साइबर अपराध तथा वित्तीय फरेब से बचाने हेतु जागरूक और सशक्त बनाना है। इस संबंध में सभी अधिकारियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
तत्पश्चात बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार (नैनो) योजना, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, दीनदयाल उपाध्याय होमस्टे योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना एवं फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ये योजनाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं, अतः जिन बैंकों में ऋण स्वीकृति लंबित है, वे इसे शीघ्र निस्तारित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि ऋण आवंटन की टाइमलाइन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा ऋण स्वीकृति या अस्वीकृति की स्थिति में उसका स्पष्ट कारण संबंधित विभाग को अवश्य बताया जाए।
बैठक के दौरान अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करने वाले विभागों एवं बैंकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। सम्मानित संस्थानों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि विकास कार्यों की गति और अधिक सुदृढ़ हो सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकों की वार्षिक ऋण योजना की समीक्षा करते हुए ऋण-जमा अनुपात की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की। इस क्वाटर में सी डी रेश्यो 28.45 रहा, उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का सीडी रेश्यो अपेक्षाकृत कम है, वे प्रभावी कार्ययोजना बनाकर इसमें सुधार लाएं।
उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि वे जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरण कर ऋण-जमा अनुपात में वृद्धि सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, निदेशक आरसेटी अरुण कुमार, एगीएम आरबीआई धीरज कुमार, लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह, डीडीएम नाबार्ड नेहा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा सहित विभिन्न बैंक प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें

अनटच्ड सेक्टर एवं प्रचार-प्रसार पर दें विशेष ध्यान,
रुद्रप्रयाग।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैंक अनटच्ड सेक्टर को केंद्र बिंदु बनाते हुए लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कृषि, उद्योग, पर्यटन एवं अन्य विभागों को अपने-अपने स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
इस दौरान वित्तीय साक्षरता शिविरों, डिजिटल बैंकिंग, सीडी रेश्यो एवं बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बैंक अधिक से अधिक वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करें, जिससे ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों की वित्तीय समझ एवं डिजिटल लेनदेन की सुविधा बढ़ सके। आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के इच्छुक एवं बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित कार्यों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए ताकि वे दक्ष होकर आत्मनिर्भर बन सकें।
आगे पढ़ें

किसान क्रेडिट कार्ड लक्ष्य के अनुरूप बनाए जाएं,
रुद्रप्रयाग। किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैंक अपने निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप तेजी से किसान क्रेडिट कार्ड बनाएँ तथा अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से लाभान्वित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न न्याय पंचायतों में शिविर आयोजित कर पात्र किसानों को केसीसी योजनांतर्गत ऋण उपलब्ध कराया जाए।
आगे पढ़ें

सुरक्षित स्थानों पर लगाई जाएं पटाखों की दुकान
कोतवाली रुद्रप्रयाग में गोष्ठी का आयोजन
रुद्रप्रयाग। दीपावली व धनतेरस त्यौहार को लेकर कोतवाली रुद्रप्रयाग में गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पटाखे की दुकानों को पूर्ण सुरक्षात्मक तरीके से लगाए जाने एवं नगर में यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर चर्चा की गई।
कोतवाली रुद्रप्रयाग में आयोजित गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मनोज नेगी ने बताया कि आगामी दीवाली त्यौहार के दृष्टिगत आतिशबाजी की सामग्री विक्रय के लिए निर्धारित अनुमति लेने के उपरान्त ही सुरक्षित स्थानों पर पटाखों की दुकान लगाई जाएं। सुरक्षा के एहतियातन उपायों यथा अग्निशमन उपकरण, रेत व पानी की बाल्टी इत्यादि दुकानों के आस-पास रखें। त्यौहारी सीजन में बाजार में आम जनमानस की चहल पहल रहेगी। साथ ही चारधाम यात्रा के आखिरी समय में आ रहे वाहनों के सुगम यातायात सहित आम जनमानस के आवागमन के लिए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा किये जाने पर सहमति बनी। स्थानीय व्यापार मण्डल ने पुलिस को अपेक्षित सहयोग देने की सहमति प्रकट की।

आगे पढ़ें

जिला स्तरीय एंटी रैगिंग समिति का गठन
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एंटी रैगिंग समिति का गठन किया गया है। जिले के अंतर्गत संस्थानों में रैगिंग के नियंत्रण और उन्मूलन के लिए उद्देश्य से यह समिति गठित की गई है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय एंटी रैगिंग समिति में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग, जखोली, विद्यापीठ सहित राजकीय पॉलिटेक्निक रुद्रप्रयाग व चोपता के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक, सा. अनिकेत के संपादक अनसूया प्रसाद मलासी, जलवायु जिला समन्वयक प्लान इंटरनेशनल विजयपाल, सभी महाविद्यालयों के छात्र संगठन के अध्यक्ष, थानाध्यक्ष रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि व गुप्तकाशी को सदस्य तथा अपर जिला मजिस्ट्रेट को सदस्य सचिव नामित किया गया है। शासन के निर्देशों के बाद जनपद स्तर पर जिला स्तरीय एंटी रैगिंग समिति गठित की गई है।
आगे पढ़ें

तुंगनाथ मंदिर के कपाट 06 नवंबर को होंगे बंद
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल को लेकर आमामी छः नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे। भगवान तुंगनाथ की उत्सव डोली शीतकाल में मक्कूमठ में विराजमान होगी।
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के कपाट आगामी शीतकाल के लिए छः नवंबर को पूर्व परम्परानुसार बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भगवान तुंगनाथ की उत्सव डोली यात्रा छः नवंबर को प्रातः प्रस्थान कर रात्रि विश्राम के लिए चोपता पहुंचेगी। इसके बाद सात नवंबर को रात्रि विश्राम के लिए भनकुन (गुफा) तथा आठ नवंबर को शीतकालीन गद्दी स्थल श्री मक्कूमठ मंदिर पहुंचेगी।
आगे पढ़ें

सरकारी काम में लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ सहायक तहसीलदार निलम्बित
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उप जिलाधिकारी हरिद्वार द्वारा प्रेषित आख्या में उल्लिखित तथ्यों के आधार पर शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता, नकारात्मक दृष्टिकोण रखने और तहसीलदार हरिद्वार द्वारा जारी स्पष्टीकरण का कोई उत्तर न दिये जाने के संज्ञान में रखते हुये महेश कुमार सोनी, सहा। वा।वा।न।/वरिष्ठ सहायक तहसील हरिद्वार के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही करते हुये, तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। निलम्बन अवधि के दौरान महेश कुमार सोनी को कलक्ट्रेट हरिद्वार के संग्रह अनुभाग में सम्बद्ध किया गया है।
निलम्बन की अवधि में महेश कुमार सोनी को वित्तीय नियम संग्रह खण्डकृ2 से 4 के मूल नियम-53 के प्राविधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि अर्द्ध वेतन पर देय अवकाश वेतन की राशि के बराबर होगी तथा उन्हे जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि पर मंहगाई भत्ता यदि ऐसे अवकाश वेतन पर देय हैं, भी अनुमन्य होगा। किन्तु ऐसे कार्मिक को जीवन निर्वाह के साथ कोई मंहगाई भत्ता देय नही होगा। जिन्हे निलम्बन से पूर्व प्राप्त वेतन के साथ मंहगाई भत्ते का उपांतिक समयायोजन प्राप्त नही था। निलम्बन के दिनांक को प्राप्त वेतन के आधार पर अन्य प्रतिकर भत्ते भी निलम्बन की अवधि में इस शर्त पर देय होगें, जब इसका समाधान हो जाये कि उनके द्वारा इस मद में व्यय वास्तव में किया जा रहा हैं, जिसके लियें उक्त प्रतिकर भत्ते अनुमन्य होगा। उल्लिखित मदों का भुगतान तभी किया जायेगा, जब महेश कुमार सोनी, वरिष्ठ सहायक कलक्ट्रेट हरिद्वार इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें कि वह किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार, वृत्ति, व्यवसाय में नही लगे है।

आगे पढ़ें
खाई में गिरा पेट्रोल-डीजल से भरा ट्रक,टैंक फटने से बहने लगा ईंधन
देहरादून। शनिवार की सुबह केम्पटी फॉल के पास पेट्रोल और डीजल से भरा एक ट्रक पेट्रोल पंप के ठीक सामने अचानक गहरी खाई में गिर गया। खाई में गिरते ही ट्रक के टैंक फट गए और डीजल-पेट्रोल का तीव्र रिसाव शुरू हो गया। जिससे इलाके में आग लगने का खतरा गहरा गया। घटना सुबह के समय की है, जब देहरादून से आ रहा ट्रक, जो पेट्रोल और डीजल से पूरी तरह भरा हुआ था, केम्पटी स्थित पेट्रोल पंप पर आपूर्ति के लिए रुका था। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने ट्रक को हैंड ब्रेक लगाकर खड़ा किया और पंप की ओर चला गया। लेकिन कुछ ही पलों में ट्रक धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकता हुआ खाई में जा गिरा। खाई में गिरने से ट्रक के ईंधन टैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पेट्रोल-डीजल तेजी से बहने लगा। पूरे इलाके में पेट्रोल की गंध फैल गई ।रिसाव इतना अधिक था कि पेट्रोल व डीजल की धारा सड़क की ओर बहने लगी। घटना की सूचना मिलते ही केम्पटी पुलिस और मसूरी फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को चारों ओर से घेर लिया। फायर सर्विस अधिकारियों ने आग की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की।
फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रिसते हुए ट्रक से पेट्रोल और डीजल को एक अन्य खाली टैंकर में स्थानांतरित करना शुरू किया गया। इसके लिए विशेष पाइप का उपयोग किया गया, ताकि किसी भी चिंगारी या घर्षण से आग न लगे। फायर ऑफिसर धीरज तडियाल ने बताया कि दीपावली के समय पर पेट्रोल और डीजल से भरा ट्रक गिरना खतरा भरा है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में तकनीकी खामी हो सकती है। पुलिस तकनीकी टीम की सहायता से पूरे मामले की जांच कर रही है।
आगे पढ़ें

सड़क हादसे में घायल किशोर की अस्पताल में मौत
देहरादून। प्रेमनगर थानाक्षेत्र की मांडूवाला  वनवे रोड पर गलत दिशा में चल रही एक कार ने बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर को रौंद दिया जिसकी बीती रात को सुभारती अस्पताल में मौत हो गई।किशोर हरियाणा का रहने वाला था। मांडूवाला के पास एक हॉस्टल में रहता था और प्राइवेट काम कर रहा था। हादसा 14 अक्तूबर को हुआ था। प्रेमनगर थानाध्यक्ष कुंदन राम ने बताया कि शाम करीब 5।30 बजे हरियाणा के करनाल का रहने वाला अंशुल कंबोज डॉल्फिन कॉलेज की ओर से मांडूवाला की तरफ जा रहा था। अचानक मांडूवाला की तरफ से आ रही एक कार ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। वह गंभीर से रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। उसके मामा संदीप चौहान के बयान पर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।सुद्धोवाला और मांडूवाला के बीच वनवे रोड पर लगातार हादसे होने से स्थानीय लोगों में डर है। स्थानीय निवासी पंकज भट्ट का कहना है कि इस एक लेन की सड़क पर तेज रफ्तार और ड्रंक एंड ड्राइव के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। करीब नौ माह पहले मांडूवाला रोड पर ही एक बच्चे की मौत हो गई थी। आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। रोड पर गहरे गड्ढ़े होने के कारण भी दुर्घटनाएं हो रही हैं। यहां सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए।
आगे पढ़ें
एक रेस्टोरेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक की मौत
देहरादून। बीती देर रात कैंची धाम स्थित किरौला रेस्टोरेंट में एक युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की घटना मिलते ही भवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में पुलिस हर एंगल से तहकीकात कर रही है।
कोतवाली पुलिस के एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि शुक्रवार की देर रात लगभग दो बजे बेतालघाट निवासी आनंद सिंह (39) की गोली लगने से मौत होने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव कब्जे में लिया है। साथ ही फॉरोसिंक टीम को बुलाया गया है। आसिफ ने बताया कि जिस बंदूक से गोली चली है वह लाइसेंसी है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आगे पढ़ें
देर रात रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान हुआ राख
हल्द्वानी।  बीती देर रात ट्रांसपोर्ट नगर के  भीषण आग लगने से एक रेस्टोरेंट पूरी तरह से जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने क कारणों की जांच की जा रही है।
रेस्टोरेंट स्वामी ने बताया कि रेस्टोरेंट के पास ही लगे बिजली के पोल से देर रात अचानक तेज स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार बिजली विभाग को पोल पर लटक रहे ढीले तारों और खराब कनेक्शन की जानकारी दी गई थी, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि एक लापरवाही ने उनका सब कुछ जला दिया।
रेस्टोरेंट स्वामी ने बताया कि आग लगने से रेफ्रिजरेटर, फर्नीचर, रसोई उपकरण और जरुरी दस्तावेज पूरी तरह से जल गए, आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि जैसे ही नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली, तुरंत अग्निशमन वाहन मौके पर भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि विभागीय कर्मचारी समय से चेत जाते, तो लाखों की संपत्ति बच सकती थी। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगे पढ़ें
दिपावली को देखते हुए दमकल विभाग पूरी तरह से तैयार
हल्द्वानी। धनतेरस से लेकर दीपावली पर्व की समाप्ति पर आग की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने संवेदनशील जगहों में फायर वाहन तैनात कर दिए गए हैं।यह वाहन 22 अक्टूबर तक इन जगहों में तैनात रहेंगे। जबकि जिले के हल्द्वानी में 18, रामनगर में 15 व नैनीताल में 30 फायर डाइड्रेंट चालू हैं।हालांकि नैनीताल में 53 फायर हाइड्रेंट अब जमींदोज या सड़कों में दब चुके हैं।
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नैनीताल जिले में नौ लाख 54 हजार की आबादी है। हालांकि तब से लेकर अब आबादी की संख्या दोगुनी भी हो चुकी है।इसको देखते हुए जिले में फायर के छोटे बड़े वाहनों की संख्या 16 ही है। जिसपर अग्निशमन विभाग ने 16 स्थानों पर फायर वाहनों की तैनाती कर दी गई है। प्रत्येक स्थानों में चार से पांच फायर कर्मियों की भी तैनाती की है।जो आग जैसी घटनाओं को काबू पाने के लिए मुस्तैद रहेंगे।
वहीं दीपावली पर्व के लिए भी यह ड्यूटी में जमे रहेंगे। जिले में मौजूदा स्थिति में भवाली में दो समेत जिले में 65 फायर हाईड्रेंड मौजूद हैं।जो बड़ी घटनाओं में फायर वाहनों में पानी भरने का कार्य करते हैं। अग्निशमन विभाग ने त्योहार के सीजन से पहले सभी फायर हाइड्रेंड की जांच कर ली है। हालांकि यह सभी हाईड्रेंड पानी की पाइपलाइन से जुड़े हुए हैं। फायर हाइड्रेंड के लिए अलग से पानी की लाइन भी नहीं है। जिससे कभी कभार पाइपलाइन में पानी नहीं होने पर फायर वाहनों में पानी भरने में परेशानी होती है।
आगे पढ़ें
राज्य गठन का रजत जयंती समारोह में शामिल होगीं राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी
उत्तराखंड में राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही
रजत जयंती विधानसभा भवन में दो दिवस से विशेष सत्र का आयोजन होने जा रहा
विधानसभा सचिवालय विशेष सत्र की तैयारी में जुटा

देहरादून। उत्तराखंड में राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही है। 9 नवंबर को उत्तराखंड के 25 साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार इस स्थापना दिवस को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। ताकि उत्तराखंड राज्य स्थापना के इस रजत जयंती महोत्सव को प्रदेशवासियों के लिए यादगार बनाया जा सके। यहीं कारण है कि इस दौरान जहां उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा यह राज्य स्थापना दिवस इस वजह से भी यादगार रहने वाला है, क्योंकि इस बार के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों शामिल होंगे। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस को 25 साल पूरे हो रहे है। ऐसे में इस रजत जयंती वर्ष के मद्देनजर देहरादून स्थित विधानसभा भवन में दो दिवस से विशेष सत्र का आयोजन होने जा रहा है। ऐसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित कर सकती हैं।
हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र आहूत करने का निर्णय लिया गया था। हालांकि तिथियां का निर्धारण किए जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है। वहीं राष्ट्रपति के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी उत्तराखंड आने की संभावना है।
संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 साल पूरा होने पर आयोजित रजत जयंती महोत्सव में शामिल होंगे। मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे पर सहमति बन चुकी है। ऐसे में जल्द ही उत्तराखंड दौरे की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
देहरादून स्थित विधानसभा भवन में आहूत होने जा रहे दो दिवसीय विशेष सत्र में उत्तराखंड राज्य की 25 साल की विकास गाथा पर चर्चा किया जाएगा, ताकि उत्तराखंड के इस 25 साल की उपलब्धियां और विकास की गाथा के साथ ही भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत रूप से चर्चा किया जा सके। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा विशेष सत्र के तिथियां का ऐलान होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे की तिथि फाइनल हो जाएगी।  दूसरी ओर विधानसभा सचिवालय विशेष सत्र की तैयारी में जुटा हुआ है, ताकि भाव और दिव्य रूप में विशेष सत्र का आयोजन किया जा सके। राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर को प्रदेश में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव भव्य और दिव्य होगा। इस महोत्सव को यादगार बनाए जाने को लेकर उत्तराखंड सरकार तैयारी में जुटी हुई है।

आगे पढ़ें
उत्तराखंड में इस साल 4.25 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य
48 से 72 घंटे में होगा किसानों का भुगतान

रामनगर। उत्तराखंड में खरीफ सीजन की धान कटाई के साथ ही सरकारी धान खरीद प्रक्रिया भी तेजी से शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने इस वर्ष कुल 5.25 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है, जिसमें कुमाऊं मंडल को 4.25 लाख टन और गढ़वाल मंडल को 0.5 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य दिया गया है।
राज्य भर में एक अक्टूबर 2025 से धान और मंडुवा की खरीद की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू की जा चुकी है। इसके लिए प्रदेश भर में 625 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से कुमाऊं मंडल में 276 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। खाद्य विभाग के आरएफसी चंद्र सिंह मार्ताेलिया ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ई-खरीद पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। पंजीकृत किसानों को उनका भुगतान 48 से 72 घंटे के भीतर उनके खातों में हस्तांतरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब तक किसानों को 80 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है, जबकि धान खरीद प्रक्रिया निरंतर जारी है। मार्ताेलिया ने बताया कि अब तक राज्य में 22 प्रतिशत धान की खरीद पूरी हो चुकी है और विभाग को उम्मीद है कि 30 नवंबर तक 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। धान खरीद की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इस वर्ष सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य सामान्य श्रेणी के लिए 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए श्रेणी के लिए 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मौसम में सुधार आने के बाद किसानों ने खेतों में कटाई और बिक्री की गतिविधियों में तेजी दिखाई है। किसानों को अब खरीद केंद्रों पर अपनी उपज बेचने में आसानी हो रही है। सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी किसान को भुगतान में देरी न हो और केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ खरीद की जाए। इसके साथ ही जिलास्तरीय समितियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। आरएफसी मार्ताेलिया ने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि किसान को उचित मूल्य और समय पर भुगतान मिले। सरकार का लक्ष्य है कि इस वर्ष राज्य में धान खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और किसान हित में सफल हो।
आगे पढ़ें
डीआरडीओ में तैनात कर्नल ने सूबेदार पर साजिश रचने का लगाया आरोप
बिना अनुमति के कॉल डिटेल रिकॉड निकालने पर सूबेदार के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
देहरादून। डीआरडीओ में तैनात एक कर्नल ने सूबेदार पर साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही बिना अनुमति के कॉल डिटेल रिकॉड निकालने पर सूबेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कर्नल को डीआरडीओ के कर्मचारी और एक महिला ने फोन और पत्र लिखकर सूचित किया था कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। जिसके बाद कर्नल ने पुलिस को शिकायत की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौर हो कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में तैनात कर्नल ने रायपुर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है कि 27 दिसंबर 2024 को उन्हें किसी अज्ञात महिला ने फोन किया कि सूबेदार जो कि पहले ईएमयू डीआरडीओ में कार्यरत था। उसने आपकी सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकलवाई है और सूबेदार उनके खिलाफ साजिश रच रहा है। इस घटना को मजाक समझकर उन्होंने नजरअंदाज कर दिया, लेकिन महिला ने दोबारा 9 जनवरी 2025 को आगाह किया कि उनके खिलाफ सूबेदार साजिश रच रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने 9 जनवरी 2025 को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत की। पीड़ित का कहना है कि महिला के फोन के बाद 4 फरवरी 2025 को डीआरडीओ में सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति ने उन्हें एक पत्र भेजा और यह पत्र सेनाध्यक्ष भारतीय सेना को लिखा गया था और उसकी एक कॉपी उन्हें भी भेजी गई। पत्र में उन्होंने सहकर्मी सूबेदार की ओर से डीआरडीओ के संवेदनशील पद पर रहते हुए उनकी जासूसी करवाने, उनके खिलाफ षडयंत्र रचने और हत्या की सुपारी देने जैसी बातों का जिक्र किया था।
डीआरडीओ में सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट की ओर से सूबेदार की ओर से अवैध तरीके से निकले सीडीआर के 6 पन्ने भी संलग्न किए थे। सीडीआर में दिखाई गई लोकेशन उनके उस समय की वास्तविक लोकेशन से मेल खाती है, जिससे सत्यता पर संदेह उत्पन्न नहीं होता है। इस घटना की जानकारी पीड़ित ने साइबर क्राइम विभाग देहरादून में मौखिक तौर पर दी और सेना के अधिकारियों को 6 फरवरी 2025 को भी सूचित किया था। 7 फरवरी 2025 को थाना रायपुर में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने क्या कार्रवाई की इसके बारे में उन्हें आज तक जानकारी नहीं है। सेना में वरिष्ठ पद और संवेदनशील प्रतिष्ठान में नियुक्त रहते हुए उनकी जानकारी के बिना सीडीआर निकल गई है, यह उनकी ही नहीं देश की सुरक्षा के लिए भी चिंताजनक है। साइबर क्राइम एएसपी कुश मिश्रा ने बताया है कि कर्नल ने शिकायत दर्ज की थी, जिसमें साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सीडीआर की जांच की जा रही है और जो पन्ने पीड़ित को भेजे गए हैं, उनकी भी जांच की जाएगी।
आगे पढ़ें
9 महीने में उत्तराखंड में कटे 8643 चालान, 2405 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड

देहरादून। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी घातक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण के लिए यातायात निदेशालय, उत्तराखण्ड पुलिस ने राज्य के सभी जनपदों में विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत इस अभियान का उद्देश्य नशे में वाहन संचालन से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम जनता में यातायात अनुशासन के प्रति जागरुकता बढ़ाना है।
जनवरी से सितम्बर 2025 तक की प्रवर्तन कार्यवाही, पुलिस मुख्यालय और यातायात निदेशालय के निर्देशन में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में कुल 8643 चालान नशे की हालत में वाहन चलाने के मामलों में कार्यवाही की गई है। कुल 2405 ड्राइविंग लाइसेंस (क्स्) निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रेषित किए गए। यातयात निदेशालय द्वारा जारी आंकड़े तस्दीक करते हैं कि देहरादून में सबसे अधिक नशे में वाहन चलाने पर कार्यवाही हुई है। डीएल निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रेषित किया गया है।
यातायात निदेशक अनंत शंकर ताकवाले ने बताया नशे में वाहन चलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान जनपद स्तर पर निरंतर प्रभावी प्रवर्तन और जागरूकता अभियानों को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के जीवन को खतरे में डालता है,बल्कि अन्य सड़क उपयोग कर्ताओं के लिए भी गंभीर जोखिम उत्पन्न करता है। दीपावली के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, पिथौरागढ़ एक्शन मोड में है। एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दो दिनों में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 70 वाहनों के चालान किए गए हैं। 2 वाहनों को सीज किया गया है। एआरटीओ कांडपाल ने बताया 18 से 25 अक्टूबर तक जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया जाएगा। जिसमें विशेष रूप से ओवरलोडिंग पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
आगे पढ़ें
जनपदों में हुई कार्रवाई
देहरादून जिले में 4286 चालान, 1144 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
पौड़ी गढ़वाल जिले में 1682 चालान, 752 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
हरिद्वार जिले में 1097 चालान, 77 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
नैनीताल जिल में 448 चालान, 157 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
पिथौरागढ़ जिले में 291 चालान, 80 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
ऊधम सिंह नगर जिले में 279 चालान, 19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
टिहरी गढ़वाल जिले में 212 चालान,95 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
चमोली जिल में 72 चालान,19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
उत्तरकाशी जिले में 66 चालान,14 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
चम्पावत जिले में 65 चालान,11 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
अल्मोड़ा जिले में 52 चालान, 8 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
बागेश्वर जिले में 47 चालान,19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
रुद्रप्रयाग जिले में 46 चालान,10 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित।
आगे पढ़ें
ट्रंप के झूठे दावे

आखिर अमरीकी राष्ट्रपति टंªप लगातार झूठ बोलने के आदी क्यों हैं? ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भी वह पचासियों बार झूठे दावे करते रहे हैं कि उन्होंने अमुक देशों के बीच युद्धविराम करा दिया।

राष्ट्रपति ट्रंप ने उन देशों में भी युद्धविराम के झूठ बोले, जिनके बीच या तो युद्ध ही नहीं हुआ अथवा टं्रप की कोई भूमिका ही नहीं थी। नोबेल पुरस्कार पाने की ऐसी छटपटाहट है कि राष्ट्रपति के पद पर होने के बावजूद टंªप झूठ बोलने के आदी हो गए हैं। बहरहाल ऐसे देश उनके झूठ का खुद जवाब देंगे, वह हमारा सरोकार नहीं है, लेकिन जब संदर्भ प्रधानमंत्री मोदी और भारत के राष्ट्रीय हितों का है, तो हम निरपेक्ष और खामोश नहीं रह सकते। यह अनिवार्य नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी ऐसे अनाप-शनाप बयानों का जवाब दें। वह अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल और परस्पर सम्मान की विदेश नीति से बंधे हैं, लेकिन विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति टंªप के बीच फोन कॉल से अनभिज्ञता जाहिर की है, तो तय है कि दोनों नेताओं के बीच बीते बुधवार को कोई संवाद नहीं हुआ। यदि संवाद नहीं हुआ, तो भारत रूसी तेल और ऊर्जा उत्पाद खरीदना बंद कर देगा, यह निष्कर्ष कैसे संभव है? कमाल है कि राष्ट्रपति टंªप ‘व्हाइट हाउस’ में पत्रकारों से रू-ब-रू बात कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने खुलासा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज (बुधवार) आश्वासन दिया है कि भारत रूस से तेल खरीद बंद कर देगा। यह तुरंत नहीं हो सकता, थोड़ा समय लगेगा। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। राष्ट्रपति टंªप ने इसे रूस पर यूक्रेन युद्ध रोकने का दबाव बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। गुरुवार को भारत ने यह झूठा दावा खारिज कर दिया और स्पष्ट किया कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर कोई बातचीत नहीं हुई। ऐसे ही करीब 50 झूठे दावे ट्रंप ने भारत-पाक संघर्षविराम के मद्देनजर किए थे, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में एक विशेष चर्चा के दौरान, परोक्ष रूप से, खारिज कर दिया था। भारतीय प्रधानमंत्री इस भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकते कि टंªप ने झूठ बोला है या टंªप झूठा है। भारत के प्रधानमंत्री और मंत्रियों के कुछ निश्चित कूटनीतिक संस्कार हैं। विपक्ष चाहे तो खुशफहमी में रह सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति टंªप से डरे हुए हैं। बहरहाल विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रूसी तेल को भारत के 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा-जरूरतों के मद्देनजर ‘राष्ट्रीय हित’ की बात कही और उसे सर्वाेच्च प्राथमिकता और प्रतिबद्धता करार दिया। ध्यान रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति ने भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ , जुर्माने के तौर पर, थोपा था, क्योंकि हम रूस से तेल खरीदते हैं। अमरीकी राष्ट्रपति ने यहां तक आरोपित किया था कि तेल खरीद कर भारत रूस की युद्ध लडऩे की ताकत को, परोक्ष रूप से, बढ़ा रहा है।
बहरहाल एक यूरोपीय थिंक टैंक ‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ (सीआरईए) की एक रपट के मुताबिक, भारत ने सितंबर में रूस से 2.5 अरब यूरो, यानी 2.91 अरब डॉलर, का कच्चा तेल खरीदा था। दरअसल भारत ने रूसी जीवाश्म ईंधन की कुल 3.6 अरब यूरो की खरीद की थी। उसमें कच्चा तेल, कोयला और अन्य तेल उत्पाद आदि शामिल थे। भारत का रूस से कच्चे तेल का आयात करीब 1.6 मिलियन बैरल प्रतिदिन रहा है, जो बीते महीनों की तुलना में 9 फीसदी कम था, लेकिन इसके मायने ये नहीं हैं कि भारत रूस से तेल की खरीद कम करते हुए बिलकुल ही बंद कर देगा। रूस भारत का भरोसेमंद दोस्त रहा है। अमरीकी राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी को ‘महान इंसान, महान प्रधानमंत्री, माई डियर फ्रेंड’ संबोधित करते हुए नहीं अघाते, लेकिन भारत की पीठ में छुरा घोंपने से भी बाज नहीं आते। रूस ने कभी ऐसा ‘दोगला व्यवहार’ नहीं किया। बेशक भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता देश है, लिहाजा आयातक भी है। रूसी तेल का चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा खरीददार भारत ही है। भारत-रूस की आपसी साझेदारी जारी रहेगी, यह विश्वास भारत ने एक बार फिर दिलाया है। ट्रंप की यह कोशिश रहती है कि वे भारत पर दबाव बनाएं ताकि भारत अपने बाजारों को उसके लिए खोल दे, तमाम टैरिफ के बाद भी ट्रंप अपने इरादों में सफल नहीं हो पाए हैं, जिसकी वजह से वे इस तरह के बयान देते हैं,ताकि अतिरिक्त दबाव बनाया जा सके। ट्रंप दुनिया के ऐसे नेता है जिनके बयानों को समझना बहुत मुश्किल है। वे अकसर इस तरह के गैरजिम्मेदाराना बयान देते हैं, जिनका कोई साक्ष्य उनके पास नहीं होता है। गौरतलब है कि ट्रंप कभी भी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकते और न ही भारत पर उनका दबाव बनाने का सपना पूरा होगा। हर बार भारत अपनी कूटनीति से ट्रंप के मंसूबों को मात देता आया है।

Next Post

पुलिस स्मृति दिवस" के अवसर पर उत्तरकाशी पुलिस द्वारा दी गयी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ।

“पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर पुलिस द्वारा दी गयी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। । “ उतरकाशी । पुलिस स्मृति दिवस” पर पुलिस लाईन ज्ञानसू उत्तरकाशी स्थित शहीद स्मारक में शहीद हुये पुलिस के जवानों को उत्तरकाशी पुलिस परिवार द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। सरिता डोबाल, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी* द्वारा शहीद हुये […]

You May Like