
उत्तरकाशी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का समापन ।
उत्तरकाशी ।
जनपद में दो माह से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन चला गांव की ओर’ अभियान का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर सरबड़ियार क्षेत्र के डिंगाड़ी गांव में क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल की उपस्थिति में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया।
करीब तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई तय कर जिलाधिकारी एवं विधायक गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 16 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।
मौके पर 8 लाख की स्वीकृति
ग्रामीणों की मांग पर डीएम ने आपदा से क्षतिग्रस्त मुराड़ी पुल के एबेटमेंट एवं संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की धनराशि तत्काल स्वीकृत की। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड व आधार शिविर
भूपेंद्र निवासी डिंगाड़ी ने एपीएल से बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग रखी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि ग्राम सभा की खुली बैठक में चयन के उपरांत आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर कार्ड जारी किया जाएगा। विधायक ने निर्देश दिए कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड बनवाने के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े, इसके लिए बड़कोट में व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने आधार कार्ड निर्माण हेतु आठ गांवों के लिए संयुक्त शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
सड़क मार्गों की प्रगति
ग्रामीणों ने गंगराली–डिंगाड़ी–किमडार–सरगांव तथा किमडार–पौंटी–गौल–छानिका सड़क मार्गों की स्थिति जानी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंता ने बताया कि मार्ग स्वीकृत हैं और डीपीआर तैयार कर शीघ्र केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
भूस्खलन क्षेत्र का सर्वे
किमडार ग्राम प्रधान ने किमडार-कंसलों मार्ग एवं गांव के नीचे हुए भूस्खलन को लेकर विस्थापन या सुरक्षात्मक कार्य की मांग की। डीएम ने भू-वैज्ञानिक एवं सिंचाई विभाग को 26-27 फरवरी को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शिक्षा, स्वास्थ्य व वन संबंधी मांगें
कंसलों निवासी गुरुदेव ने विद्यालय में किचन एवं शौचालय निर्माण की मांग रखी, जिस पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
रजनी देवी ने मोतियाबिंद ऑपरेशन की मांग की, जिस पर सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सर गांव निवासी सुरेश ने सर से सरुताल ट्रैकिंग एवं कैंपिंग की अनुमति मांगी, जिस पर वन विभाग ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बडियार क्षेत्र में लगे दो मोबाइल टॉवरों के सही संचालन की मांग भी उठाई। डीएम ने दूरसंचार विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। होम-स्टे योजना के अंतर्गत तीन आवेदन भी प्राप्त हुए।
विधायक निधि से 28 लाख की घोषणा
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि सरबड़ियार क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं और लगभग 28 किमी सड़क निर्माण कार्य वर्ष के अंत तक शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने किमडार, लेवटाड़ी, डिंगाड़ी एवं कंसलों गांव को 4-4 लाख रुपये तथा पौंटी, छानिक, गौल एवं सर गांव को 3-3 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इस प्रकार कुल 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। डाकघर एवं वन विश्राम गृह के संबंध में भी ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

