
खुलासाः लिव इन पार्टनर ने की मां-बेटे की हत्या आरोपी गिरफ्तार ।
रुद्रप्रयाग। जिले के सुमाड़ी में बीते दिनों हुुई मां-बेटे की हत्या का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उस व्यक्ति ने ही अपने लिव इन पार्टनर और उसके 9 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर है, जो हत्याकांड के बाद दिल्ली फरार हो गया था। हत्या के पीछे की वजह घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को शाम 7.33 बजे चौकी प्रभारी जखोली को योगेंद्र सिंह निवासी सुमाड़ी तिलवाड़ा ने सूचना दी कि उनके हाइडिल कॉलोनी के पास स्थित मकान में किराये पर रह रहे नेपाली मूल के व्यक्ति दीपक बहादुर के कमरे से तेज बदबू आ रही है। सूचना पर जब मकान मालिक और स्थानीय लोग कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। कमरे के भीतर कम्बल में लिपटे एक महिला और एक बच्चे के शव पड़े थे, जबकि आरोपी दीपक बहादुर मौके से फरार था।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। मामले में 7 मार्च को कोतवाली रुद्रप्रयाग में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गईं। निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार खोजबीन के आधार पर आरोपी को 8 मार्च की शाम दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। वहीं साल 2025 में फेसबुक पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला भी पहले से विवाहित थी और उसके दो बच्चे थे। जिनमें से एक 9 वर्षीय इस घटना में मृत पाया गया।
पुलिस ने बताया कि काफी समय से महिला और दीपक बहादुर साथ रह रहे थे। पहले दोनों उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। करीब एक माह पहले वे सुमाड़ी में किराये के कमरे में रहने लगे थे। पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच आरोपी और महिला के बीच घरेलू विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद 9 वर्षीय बच्चे की भी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी दोनों शवों पर कम्बल डालकर मौके से फरार हो गया था।
संतुलित वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता उत्तराखंड का बजट 2026-27
सीएम धामी ने किया ₹1,11,703.21 करोड़ का बजट पेश
गैरसैण।उत्तराखंड में वित्तीय अनुशासन और विकास के संतुलन को मजबूत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया। लगभग ₹1,11,703.21 करोड़ के इस बजट में जहां विकास की गति को बढ़ाने पर जोर है, वहीं मजबूत राजकोषीय प्रबंधन की झलक भी स्पष्ट दिखाई देती है। वर्ष 2025-26 के सापेक्ष 10.41 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। राज्य सरकार ने बजट में वित्तीय जिम्मेदारी और पारदर्शिता बनाए रखते हुए थ्त्ठड अधिनियम के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया है। बजट के अनुसार राज्य में राजस्व आधिक्य की स्थिति बनी हुई है, जो दर्शाता है कि सरकार की आय उसके राजस्व व्यय से अधिक है। यह स्थिति किसी भी राज्य की मजबूत वित्तीय सेहत का संकेत मानी जाती है। बजट में 2536.33 करोड़ का राजस्व सरप्लस दिखाया गया है।
राजकोषीय अनुशासन के तहत राज्य का राजकोषीय घाटा जीएसडीपी के 3 प्रतिशत की सीमा के भीतर रखा गया है। इसी प्रकार लोक ऋण भी जीएसडीपी के 32.50 प्रतिशत की निर्धारित सीमा के अंदर बनाए रखा गया है। यह दर्शाता है कि सरकार विकास कार्यों पर खर्च करते हुए भी ऋण प्रबंधन और वित्तीय संतुलन पर पूरा ध्यान दे रही है। राजस्व आधिक्य, सीमित राजकोषीय घाटा और नियंत्रित सार्वजनिक ऋण जैसे संकेतक बताते हैं कि राज्य सरकार ने वित्तीय प्रबंधन में सावधानी और दूरदर्शिता अपनाई है। इससे भविष्य में विकास परियोजनाओं को स्थिर वित्तीय आधार मिलने की संभावना और मजबूत होगी। कुल मिलाकर यह बजट विकास और वित्तीय अनुशासन के संतुलन का उदाहरण प्रस्तुत करता है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बढ़ती कीमतों का विरोध,महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
देहरादून। गैस की बढती कीमतों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सड़क किनारे बैठकर खाना पकाया और गैस की अन्तेष्टि की।
सोमवार को यहां अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा के आह्वान पर देशभर में रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ महिला कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से सर पर गैस सिलेंडर उठाकर गैस के दाम बढ़ाये जाने के विरोध में नारेबाजी करते हुए भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेटिंग लगा कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी “अंत्येष्टि” की। इस दौरान महिलाओं ने धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की महंगाई की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी बनाकर यह संदेश दिया कि बढ़ती महंगाई के कारण गरीब परिवारों को एक बार फिर पुराने दौर की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाद में महिलाओं ने वहीं पर बनी रोटी और सब्जी लोगों को खिलाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अपने उघोगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने से आम जनता, विशेषकर महिलाओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर महिलाओं की रसोई पर सीधा हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आज गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है और गरीब तथा मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना कठिन होता जा रहा है। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। महिला कांग्रेस की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि केंद्र सरकार ने रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष श्रीमती आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढोंडियाल थापा,जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, महासचिव अनीता सकलानी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित, चन्द्रकला नेगी, भावना शर्मा, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाडी, देवन्द्र कौर, रेखा ढींगरा, कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
झण्डा मेला देखकर वापस जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त,दो की मौत, नौ घायल
देहरादून। झण्डा मेला देखकर वापस जा रहे श्रद्धालुओें की ट्रेक्टर ट्राली बस से टकरा गयी। इस हादसे में दो की मौत और नौ लोग घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को यहां इसकी जानकारी देते हुए एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि झण्डा मेला देखकर जा रहे श्रद्धालु लगभग रात्रि पौने दस बजे देहरादून से हरिद्वार आ रही एक रोडवेज बस व उनकी ट्रैक्टर ट्रॉली के थाना रायवाला जनपद देहरादून क्षेत्रान्तर्गत मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने आपस में टक्कर हो जाने के कारण पीछे से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी के उक्त रोडवेज बस के पीछे से टकरा जाने तथा महिंद्रा स्कॉर्पियो के पीछे आ रहे एक बड़े लोडेड ट्रक तथा एक महिंद्रा एक्सयूवी के आपस में भिड़ जाने के कारण सभी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। संभवतः महिंद्रा स्कॉर्पियो के सीएनजी सिलेंडर के ब्लास्ट होने के कारण उक्त स्कॉर्पियो वाहन तथा रोडवेज बस में आग लग जाने के कारण उक्त दोनों वाहन जल गए, जिनको फायर ब्रिगेड की गाड़ियों द्वारा बुझाया गया। मौके पर भारी पुलिस बल व दमकल कर्मी मौजूद रहे। दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर लगे जाम को खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है तथा एक्सीडेंट हुए वाहनों को भी हटाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त घटना में एक महिला की मृत्यु हो चुकी है तथा शेष अन्य घायलों को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय हरिद्वार भिजवाया गया है। घायलों की पहचान गुलशन पुत्री जगदीश निवासी तीती सोता बिजनौर उम्र 11 वर्ष, सुभाष पत्नी रामचरण निवासी नागल सूती बिजनौर,विक्की पत्नी नंदराम भोगपुर नजीबाबाद, आरव पुत्र विकी पता भोगपुर नजीबाबाद उत्तर प्रदेश, लबी पत्नी मदन पता रानी कोटा रायपुर नजीबाबाद,नीतू पत्नी मदन पता रानी कोटा रायपुर नजीबाबाद, सोनिया पुत्री सचिन पता भोगपुर नजीबाबाद उत्तर प्रदेश, अंशिका पुत्री सचिन,दिव्यांशु पुत्र सचिन के रूप में हुई। वहीं मृतकाों की पहचान कुसुम पत्नी सचिन पता भोगपुर नजीबाबाद उत्तर प्रदेश, सचिन पुत्र नंदराम पता भोगपुर नजीबाबाद के रूप में हुई।
यूकेडी ने भराड़ीसैण में किया उग्र प्रदर्शन,कई गिरफ्तार
गैरसैंण। भराड़ीसैंण विधानसभा में आयोजित बजट सत्र के बीच विधानसभा के बाहर उत्तराखण्ड क्रांति दल ने प्रदेश के कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। विधानसभा की ओर बढ रहे यूकेडी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की भी हुई। आखिर में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी प्रयोग करना पड़ा।
गैरसैंण को स्थाई राजधानी घोषित करने, पहाड़ों से बढ़ते पलायन को रोकने, जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों को रोकने और शिक्षा, स्वास्थ्य की सेवाओं को सुदृढ करने की मांग को लेकर भराड़ीसैण विधानसभा के प्रवेश द्वार दिवालीखाल में उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करते हुए भराड़ीसैंण कूच के दौरान तीन बैरियर तोड़ डाले। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। लेकिन इसके बाद भी प्रदर्शनकारी नहीं रुके, इस दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ते हुए विधानसभा कूच के लिए आगे बढ़े, जिन्हें बमुश्किल पुलिस द्वारा भराड़ीसैंण विधानसभा से 1 किलोमीटर आगे रोक दिया गया। इस दौरान प्रदर्शकारियों ने सड़क पर ही बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी विधानसभा कूच की जिद पर अड़े रहे। जिन्हें मनाने में पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए। प्रदर्शनकारियों ने वाटर कैनन चलाए जाने को लेकर अपनी नाराजगी भी जताई और पुलिस व प्रशासन को जमकर खरी खोटी सुनाई।
इस दौरान यूकेडी के युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि, ये हमारी संवैधानिक मांग है। गैरसैंण स्थाई राजधानी की मांग को लेकर 42 लोगों ने शहादत दी। तब जाकर इस राज्य का निर्माण हो पाया था। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि, आज राजधानी छीन के लेने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि उनका सवाल उन विधायकों से भी है जो जीतते पहाड़ से और जीतने के बाद देहरादून और हल्द्वानी बस जाते हैं। आज भाजपा, कांग्रेस ने नेता प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य कर रहे हैं और पहाड़ की भोली भाली जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। इस राज्य के बनने के बाद आज नेता मौज काट रहे हैं। आज पहाड़ का आदमी स्वास्थ्य सेवाओं के आभाव में और जंगली जानवरों के हमलों से दम तोड़ रहा है। वहीं भारी प्रदर्शन के बीच प्रदर्शनकारी आशीष नेगी समेत सैकड़ों यूकेडी कर्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आशीष नेगी और कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस जंगलचट्टी अस्थायी जेल ले गइ। जबकि कुछ कर्यकर्ताओं को मेहलचोरी अस्थायी जेल ले जाया गया है। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शकारियों के बीच जोर आजमाइश देखने को भी मिली।
मुख्य हाईवे पर पलटा मार्बल्स से भरा ट्रक,आवाजाही हुुई बाधित
देहरादून। सोमवार को सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल्स से भरा एक ट्रक मोहब्बेवाला के पास मुख्य हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर दोनों ओर का यातायात प्रभावित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, ट्रक सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया।
ट्रक में भरे मार्बल्स सड़क पर फैल गए, जिसके कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों ओर से यातायात को डायवर्ट करना शुरू किया, ताकि जाम की स्थिति न बने और अन्य मार्गों पर यातायात सुचारू रखा जा सके।
इसके साथ ही क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाने और सड़क पर फैले मार्बल्स को साफ करने का कार्य भी किया गया।
गैरसैंण विधानसभा बजट सत्र शुरू
राज्यपाल ने सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका सदन के सामने रखा
देहरादून। गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सोमवार से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से हुई। इसमें सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका सदन के सामने रखा गया है। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी योजनाओं और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख किया है।
इसके अपने भाषण में राज्यपाल ने कहा कि एक साल में 25 टन ट्राउट मछली की आपूर्ति की गई। सहकारिता विभाग स्वयं सहायता समूहों को ब्याजरहित उपलब्ध करा रहा है। राज्य में कार्यशील पैक्स को उर्वरक खुदरा विक्रेता के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके तहत 400 प्रधानमंत्री किसान केंद्र खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से मानव-वन्यजीव मृत्यु पर राहत राशि छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गईई। वनाग्नि नियंत्रण व आपदा प्रबंधन के लिए वर्ष 2025 में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सिस्टम शुरू किया गया। उत्तरकाशी वन प्रभाग में एशिया का पहला स्नो लेपर्ड कंजर्वेशन सेंटर स्थापित किया जा रहा है। पीएम आवास योजना ग्रामीण के पहले चरण में 68,531 परिवारों को शत-प्रतिशत आवास स्वीकृत किए गए। 1321 भूमिहीन परिवारों को भूमि पट्टे आवंटित किए गए। 22,500 किमी से अधिक लक्ष्य के सापेक्ष 21,300 किमी से अधिक सड़क पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई। 1860 बसावटें मुख्य मार्ग से जोड़ी गई हैं। वाइब्रेंट विलेज के तहत चारधाम मार्गों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं।
कहा कि अल्पसंख्यक छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए मदरसा बोर्ड की जगह अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। समाज कल्याण विभाग विभिन्न वर्गों के आर्थिक, सामाजिक विकास के लिए राजकीय वृ( आश्रम, भिक्षुक गृह संचालित कर रहा है। जनवरी 25 से 2026 तक 9,62,000 से अधिक पेंशनरों को एक हजार करोड़ से अधिक की धनराशि दी गई है।
फोटो डी 2
सत्र की आवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने किया प्रदर्शन
गैरसैंण। भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में सोमवार से शुरू हुए बजट में सबसे पहले राज्यपाल का अभिभाषण हुआ। इसके साथ ही सत्र की अवधि को बढ़ाने की मांग को लेकर विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी, हरीश धामी, प्रीतम सिंह, मनोज तिवारी और अनुपमा रावत ने सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस विधायकों ने कहा कि सरकार ने पहले से ही बजट सत्र की अवधि तय कर दी है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। कांग्रेस विधायकों का कहना है कि सामान्य तौर पर विधानसभा सत्र के एजेंडे और अवधि को लेकर सभी पक्षों से चर्चा की जाती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया। कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि सरकार के पास जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और विकास जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर विधानसभा में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। लेकिन सरकार सत्र को छोटा रखकर इन मुद्दों से बचने की कोशिश कर रही है। विपक्ष का कहना है कि प्रश्नकाल के दौरान जनता से जुड़े कई अहम सवाल उठाए जाने थे, लेकिन सत्र की सीमित अवधि के कारण उन पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाएगी। कांग्रेस विधायकों ने इसे सरकार की विफलता करार देते हुए कहा कि यदि सरकार के पास काम और एजेंडा होता तो सत्र को लंबा चलाने से परहेज नहीं किया जाता। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार बच कर भागने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे। ऐसे में बजट सत्र की शुरुआत से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
फोटो डी 3
युवती पर जानलेवा हमला करने का आरोपी छात्र गिरफ्तार
युवती के दुसरे युवक के संपर्क में होने की भनक लगने पर दिया वारदात को अन्जाम
देहरादून। बीती सात मार्च को क्लेमेंटाउन क्षेत्र में युवती पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान घायल दोनों युवक-युवती को पुलिस ने घटना के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयोग में लाये गए चाकू को उसके कमरे से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
बता दें कि सात मार्च को निवासी आदर्श विहार निवासी व्यक्ति ने रायपुर रोड ने थाना क्लेमेंटाउन में शिकायत दर्ज कराई थी की एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाला युवक उदय निवासी जागृति विहार, मेरठ, जो एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है, उसके द्वारा उनकी बेटी को जान से मारने की नियत से उस पर चाकू से हमला कर दिया है। जिसमें उनकी बेटी को गंभीर चोटें आई। उसके गले और हाथ पर चाकू लगे, जबकि संघर्ष में उदय का हाथ भी चाकू से कट गया और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साथ ही बेटी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी उदय के खिलाफ थाना क्लेमेंटाउन में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले 21 वर्षीय आरोपी उदय सिंह उर्फ विशु को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर उसके ओगल भट्टा स्थित कमरे से घटना में प्रयोग चाकू को बरामद किया गया।
युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है ओर स्थिति नाजुक बनी हुई है। हमले में युवती के गले में गंभीर चोटें आई हुई हैं, ऐसे में डॉक्टर ने 60 टांके लगाए। थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया है कि आरोपी उदय सिंह उर्फ विशु क्लेमेंटाउनन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है और कृष्णा विहार ओगल भट्टा में अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कमरा किराए पर लेकर रह रहा है।
बता दें कि युवती से उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में अपने शिक्षण संस्थान में हुई थी, जिसके बाद से ही दोनों लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन इस बीच उसे युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की जानकारी मिली। इस बात को लेकर 07 मार्च को दोनों के बीच विवाद हो गया, जहां आवेश में आकर युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया।

