भू-माफिया ने बेच डाली सड़क,14 साल बाद हुआ खुलासा,मामला दर्ज
हल्द्वानी।हल्द्वानी में भू-माफिया ने विभागीय कर्मचारियों से साठ गांठ कर सड़क की जमीन को सेना के जवान समेत 9 लोगों को बेच दिया। हैरानी की बात ये है कि जमीन की रजिस्ट्री भी हो गई।
इस पूरे मामले का खुलासा कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की जनसुनवाई दौरान हुआ। मामला संज्ञान में आने के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के निर्देश पर मुखानी थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस केस में एक और हैरानी की बात यह है कि पीड़ितों को 14 साल तक पता ही नहीं था कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। बताया जा रहा कि मुखानी थाना क्षेत्र के तिलक मार्केट दमुवाढूंगा निवासी एक व्यक्ति सेना की कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात हैं, जो फिलहाल कश्मीर में तैनात है।
जवान ने साल 2011 में अपनी पत्नी के नाम से मुखानी के रामड़ी आनसिंह में 1900 वर्ग फीट जमीन प्रॉपर्टी डीलरों के माध्यम से खरीदी थी। उक्त जमीन की रजिस्ट्री कराने के साथ ही उन्होंने भूमि पर चारदीवारी भी करा दी थी। सैनिक के अनुसार वह जब भी छुट्टी आते थे तो अपनी जमीन देखने जरूर जाते थे। इस बार भी छुट्टी पर आए तो जमीन देखने पहुंचे और पाया कि इनकी जमीन पर किसी ने तारबाड़ कर दी है।
पता लगा कि जिस जमीन पर वह अपना दावा कर रहे थे, उसकी रजिस्ट्री तरुणा वर्मा के नाम पर थी। जवान ने खेत नंबर के हिसाब से अपना प्लॉट तलाशा तो सामने आया कि ऐसे 9 प्लाट बेचे गए हैं, जिसके बाद वह प्लॉट बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलर हेम चन्द्र जोशी के भाई सुरेश चन्द्र जोशी के पास पहुंचे और बताया कि मौके पर उनका प्लॉट ही नहीं है।
जब इस संबंध में पटवारी से पता किया तो उसने बताया गया कि जिस जगह को वह अपना बता रहे हैं, वह सड़क है। प्रॉपर्टी डीलरों ने गलत जगह को बेचा है। पूरे मामले की जांच कराई गई तो सामने आया की प्रॉपर्टी डीलरों ने नौ लोगों को इसी तरह से जमीन बेच दी। मुखानी थाना प्रभारी दिनेश जोशी का कहना है कि पूरे मामले में प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ लैंड फ्रॉड और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. जल्द कार्रवाई की जाएगी।
आगे पढ़ें
देर रात कबाड़ की दुकान में लगी आग, 6 गाड़ियों ने पाया काबू
देहरादून। देर रात थाना बसंत विहार क्षेत्र के गोविंदगढ़ में स्थित एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक आग ने भयावह रूप ले लिया था। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने से किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं है। फायर ब्रिगेड द्वारा आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कांवली रोड बल्लीवाला फ्लाईओवर से पहले श्रीरामपुर गोविंदगढ़ में स्थित नौशाद की कबाड़ की दुकान है। मंगलवार देर रात कबाड़ की दुकान में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना बसंत विहार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा पंपिंग और फोम की सहायता से आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद जेसीबी की मदद से कूड़े को हटाया गया और फिर से फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों से लगातार पंपिंग कर आग पर काबू पाया गया।
थाना बसंत विहार प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि दुकान को कबाड़ी का काम करने वाले नौशाद निवासी सहारनपुर द्वारा किराये पर लिया गया था। आग के कारण दुकान के अंदर रखा सामान जल गया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
आगे पढ़ें
अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटा कांवडियों का ट्रक,तीन की मौत,14 गंभीर
टिहरी। कांवडियों को ऋषिकेश से गंगोत्री ले जा रहा एक ट्रक टिहरी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। जिसके नीचे दबकर तीन की मौत हो गयी। वहीं 14 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भती्र्र कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह एक ट्रक कांवड़ियों को लेकर ऋषिकेश से गंगोत्री की ओर जा रहा था। ट्रक में 18 से 20 कांवड़िए सवार थे। इसी दौरान टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाजल फकोट के बीच अचानक ड्राइवर ट्रक पर से संतुलन खो बैठा। इस दौरान अनियंत्रित होकर ट्रक सड़क किनारे खाई की ओर पर पलट गया। संयोग से ट्रक ऊपर ही अटक गया। ट्रक के पलटते ही वहां चीख पुकार मच गई।
हादसे की खबर लगते ही स्थानीय लोग दुर्घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस बीच किसी ने पुलिस और एसडीआरएफ को भी हादसा होने की सुचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई। ट्रक पलटने से उसमें सवार ज्यादातर कांवड़िए ट्रक के नीचे दब गए। टिहरी एसपी के अनुसार ट्रक में 18 से 20 कांवड़िए सवार थे।
राहत और बचाव टीम ने युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। जेसीबी से ट्रक को सीधा किया गया। इस दुर्घटना में 17 कांवड़ियों को रेस्क्यू किया गया। इनमें से 3 की मौत हो गई है। 14 घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस से नरेंद्र नगर स्वास्थ्य केंद्र फोकट भेजा गया है। घायल कई कांवड़ियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर घायल कांवड़ियों में से 5 को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। 9 कांवड़िए नरेंद्र नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। टिहरी गढ़वाल एसपी के अनुसार ट्रक उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से आया था।


