
डायट बड़कोट में “उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम” के तहत अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित
उतरकाशी । बड़कोट, ( रिपोर्ट मदन पैन्यूली)
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बड़कोट, उत्तरकाशी में शनिवार को भारत सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “सभी के लिए शिक्षा” के अंतर्गत “उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम” के तहत जनपद उत्तरकाशी के स्वयंसेवी शिक्षकों के लिए एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव तथा होली लाइफ पब्लिक स्कूल के एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड के स्वयंसेवी छात्रों ने प्रतिभाग किया। इन छात्रों ने नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी शिक्षक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
संस्थान के प्राचार्य संजीव जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम कर्तव्य बोध की भावना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक जिम्मेदार और शिक्षित व्यक्ति की यह जिम्मेदारी है कि वह 100 प्रतिशत साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपना योगदान दें, तभी जन-जन को साक्षर बनाने की यह मुहिम सफल हो सकेगी।
कार्यक्रम समन्वयक शांति रतूड़ी ने बताया कि यह कार्यक्रम शत-प्रतिशत साक्षरता प्राप्त करने की दिशा में एक नवाचारी प्रयास है, जो सतत विकास लक्ष्य (SDG) 4.6 तथा नई शिक्षा नीति 2020 को धरातल पर लागू करने के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय बड़कोट से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुष्पेन्द्र सेमवाल, डायट प्रवक्ता डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट, मोहम्मद अरशद अंसारी, टीकाराम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


