
बड़ेथी में बारातियों से भरा वाहन दीवार से टकराया, एक की मौत; छह घायल
गंगोत्री हाईवे पर देर शाम हुआ भीषण हादसा, गंभीर घायल को देहरादून किया रेफर
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर शाम बड़ेथी के समीप बारातियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।


