HTML tutorial

लोक भवन में असम एवं नागालैण्ड राज्य का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया जानिए सभी समाचार

Pahado Ki Goonj

 

*लोक भवन देहरादून 02 दिसम्बर, 2025*

लोक भवन में मंगलवार को असम एवं नागालैण्ड राज्य का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

। उत्तराखण्ड में अध्ययनरत असम और नागालैण्ड के छात्रों द्वारा आकर्षक एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए दोनों राज्यों के स्थापना दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई दी। गौरतलब है कि असम का स्थापना दिवस 02 दिसम्बर तथा नागालैण्ड का स्थापना दिवस 01 दिसम्बर को मनाया जाता है।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने की यह परंपरा सामाजिक एकीकरण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने असम रेजिमेंट में सेवाएं दी हैं तथा असम और नागालैण्ड के अनेक क्षेत्रों में तैनाती के अवसर मिले। इस दौरान स्थानीय जनजीवन, संस्कृति और परंपराओं को निकट से जानने का अवसर प्राप्त हुआ।

राज्यपाल ने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” पहल भारत की विविधता में निहित एकता का उत्सव है। ऐसे आयोजन न केवल आपसी रिश्तों को मजबूत करते हैं बल्कि देश की बहुरंगी सांस्कृतिक धरोहर को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्यों के मध्य सांस्कृतिक मेल-मिलाप, परस्पर समझ और विश्वास बढ़ाने की दिशा में यह प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण है और यही भारत की शक्ति की मूल नींव है।

उन्होंने कहा कि आज का अवसर हमारे महान राष्ट्र की उस अखण्ड भावना का प्रतीक है, जिसमें विविधता शक्ति है और संस्कृति हमारी पहचान। असम और नागालैण्ड जैसे जीवंत और समृद्ध राज्यों के स्थापना दिवस पर हम केवल भौगोलिक इकाइयों का नहीं, बल्कि भारत की उस आत्मा का उत्सव मनाते हैं, जो “विविधता में एकता” के अमूल्य सूत्र से बंधी है।

इस कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव एवं लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी और उत्तराखण्ड में निवास कर रहे असम राज्य के बर्लिन बोराह, ऋषिकेश बोरुआ, बनजीत शर्मा, प्रांतिक डेका, गार्गी बोराह, पल्लबी, जुबू बोरदोलोई, ज्विस्न बसुमतरी, तनीषा, दीपिका, नयन ज्योति कलिता एवं नागालैण्ड राज्य के लेनुअकुम, सुर्जी, लुलु, टोकापु, हिलिका, लुनरिसु, शोकुम, तुना आदि उपस्थित रहे।
*………0……….*

*राज्यपाल ने किया एम्स ऋषिकेश में हेलीकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ*

*लोक भवन देहरादून/ऋषिकेश 03 दिसम्बर, 2025*

एम्स ऋषिकेश में आज हेलीकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने किया। फ्रेंच एकेडमी ऑफ मेडिसिन तथा एयरबस फाउंडेशन के सहयोग से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की आज से शुरुआत हुई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, तकनीशियनों और पायलटों को उच्च स्तरीय आपातकालीन चिकित्सा प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। राज्यपाल ने इसे उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए “जीवनरक्षक पहल” और “एक नई आशा” बताया।

राज्यपाल ने कहा कि किसी भी आपदा या दुर्घटना के पश्चात् ‘गोल्डन आवर’ में चिकित्सा सहायता मिलना जीवन बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क मार्ग बाधित होने, भूस्खलन और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उपचार में कठिनाई रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में हेलीकॉप्टर मेडिकल सर्विस उत्तराखण्ड के लिए एक वरदान सिद्ध होगी।

राज्यपाल ने कहा कि हेलीकॉप्टर में उपचार देना अत्यधिक जटिल कार्य है, जिसके लिए विशेष दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता की आवश्यकता होती है। यह प्रशिक्षित दल भविष्य में अनगिनत जिंदगियों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने फ्रेंच एकेडमी ऑफ मेडिसिन तथा एयरबस फाउंडेशन द्वारा भारत के साथ किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह ज्ञान-साझेदारी भारत के स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाएगी तथा डॉक्टरों और छात्रों को वैश्विक मानकों का अनुभव प्रदान करेगी।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं की भौगोलिक चुनौतियों को देखते हुए एआई आधारित निदान, ड्रोन के माध्यम से दवाओं का परिवहन, टेलीमेडिसिन तथा हेली एंबुलेंस जैसी नवाचार-आधारित सेवाएं भविष्य में स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सेवा न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे देश के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगी।

उन्होंने एम्स ऋषिकेश द्वारा ‘प्रोजेक्ट संजीवनी’ के अंतर्गत निःशुल्क हेलीकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस शुरू करने को “मानवता की सच्ची सेवा” कहा। उन्होंने केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा उत्तराखण्ड सरकार के समन्वित सहयोग की सराहना की।

इस अवसर पर एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ. मीनू सिंह, डीन अकादमिक प्रो. जया चतुर्वेदी, फ्रेंच एकेडमी ऑफ मेडिसिन के महासचिव रिचर्ड विलेट, डॉ. कमर आजम, डॉ. मधुर उनियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
*………0……….*

*राज्यपाल ने नौसेना के वीर जवानों, पूर्व नौ-सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को दी भारतीय नौसेना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं*

*लोक भवन देहरादून 03 दिसम्बर, 2025*

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने भारतीय नौसेना दिवस के अवसर पर नौसेना के वीर जवानों, पूर्व नौ-सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। नौसेना दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि हमारे बहादुर नौसैनिकों की उत्कृष्ट युद्ध क्षमता, रणनीतिक कौशल और सतर्कता के कारण भारत की विस्तृत समुद्री सीमाएं पूर्णतः सुरक्षित हैं।

राज्यपाल ने नौसैनिकों की वीरता, साहस, पराक्रम और अदम्य समर्पण को नमन करते हुए कहा कि देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हमारे नौसैनिकों पर है। विशाल समुद्री क्षेत्र में ऊर्जा संसाधनों, आर्थिक गतिविधियों तथा व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा में भारतीय नौसेना का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और समृद्धि में नौसैनिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है।
*………0……….*

*लोक भवन देहरादून 03 दिसम्बर, 2025*

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) की स्वीकृति के क्रम में राजभवन को आधिकारिक रूप से नया नाम ‘‘लोक भवन’’ प्रदान किया गया है। इस क्रम में आज मुख्य द्वार पर भी ‘‘लोक भवन’’ नाम अंकित कर पुनः स्थापित किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि संविधान में ‘लोक’ यानी जनता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। लोक ही राष्ट्र की शक्ति है, लोक ही लोकतंत्र की आत्मा है। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि लोक भवन उत्तराखण्ड के नागरिकों के लिए आशा, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा का केंद्र बनेगा।

राज्यपाल ने कहा कि ‘‘लोक भवन’’ जनता की सेवा की उस पवित्र भावना का प्रतीक है, जिसमें हर नागरिक इस भवन का अपना हिस्सा महसूस करे। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल प्रशासनिक प्रतिष्ठान का प्रतीक नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के हर व्यक्ति की आकांक्षाओं, उम्मीदों और विश्वास का घर है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि लोक भवन सचमुच ‘लोक’ के लिए, ‘लोक’ के साथ और ‘लोक’ के समर्पण में कार्य करेगा।
*………0……….*

Next Post

गहरी खाई में जा गिरा वाहन, एक महिला की मौत , पांच लोग गंभीर घायल ।

गहरी खाई में जा गिरा वाहन, एक महिला की मौत , पांच लोग गंभीर घायल ।   उत्तरकाशी । धरासू-जोगत मोटर मार्ग पर खड़ाखाल के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, पांच लोग गंभीर […]

You May Like