
नौगांव में तीन दिवसीय रवांई लोक महोत्सव का रंगारंग समापन ।
उत्तरकाशी । नौगाव ।
रवांई लोक महोत्सव लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना को समर्पित रहा अंतिम दिन
नौगांव में आयोजित तीन दिवसीय रवांई लोक महोत्सव का समापन भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक चेतना को समर्पित विविध कार्यक्रमों के साथ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रवांई क्षेत्र के छह प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रवांई फैशन शो रहा, जिसमें महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक परिधानों और आभूषणों में सजे-धजे नजर आए।
महोत्सव के दौरान लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रवांई की समृद्ध लोकसंस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा एवं महिलाएं उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में शामिल हुए।
सम्मान समारोह में विकासनगर से भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, राज्य मंत्री गीताराम गौड़, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजबीन पंवार,पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुपमा रावत सहित रवांई लोक महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से चयनित विभूतियों को सम्मानित किया।
अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि रवांई लोक महोत्सव जैसे आयोजन लोकसंस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की अपील की। इस अवसर पर रंवाई लोक महोत्सव टीम के सदस्य शशि मोहन रावत,दिनेश रावत, प्रेम पंचोली, अनोज रावत, प्रदीप रावत, योगेश बंधानी,, श्वेता बंधानी
सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे ।


