
न्याय पंचायत गढ़ में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ ।
नौगांव (उत्तरकाशी)। रिपोर्ट मदन पैन्यूली ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जनपद में संचालित 45 दिवसीय विशेष अभियान “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” के अंतर्गत विकासखंड नौगांव की न्याय पंचायत गढ़ के राजकीय हाई स्कूल खाटल में भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए रमेश चंद्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर में विभागवार उपलब्ध सेवाएं—
राजस्व विभाग द्वारा हिस्सेदारी प्रमाण पत्र, उद्यान कार्ड सत्यापन एवं 42 महिला जाति रिपोर्ट कार्ड जारी किए गए। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा एनआरएलएम के अंतर्गत समूह उत्पादों की जानकारी देते हुए 20 बीपीएल नवीनीकरण प्रमाण पत्र बनाए गए। पंचायतीराज विभाग ने 10 परिवार रजिस्टर नकल, 02 परिवार संशोधन एवं 05 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए।
कृषि विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी देते हुए कृषि यंत्र वितरित किए गए, वहीं उद्यान विभाग ने उद्यान कार्ड पंजीकरण कर योजनाओं से अवगत कराया। बैंकिंग सेवाओं के अंतर्गत CRISIL–SBI बीमा, पेंशन, बचत एवं निवेश की जानकारी दी गई।
समाज कल्याण विभाग ने 10 पेंशन संबंधी शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा नंदा गौरा योजना के 81, प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के 85 आवेदन प्राप्त किए गए तथा 42 मुख्यमंत्री लक्ष्मी किट वितरित की गईं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 15 ई-केवाईसी, सहकारिता विभाग द्वारा 267 लोगों को लाभान्वित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं, जबकि आयुष विभाग द्वारा 80 लोगों का परीक्षण किया गया। विद्युत विभाग ने 03 बिल संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया एवं 04 नए संयोजन आवेदन प्राप्त किए। सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में कुल 03 शिकायतें दर्ज की गईं।
ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी बताया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने निर्देश दिए कि न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक प्रमाण पत्र बिना देरी के बनाए जाएं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान किरण रावत (गढ़ खाटल), अनीता (फिफियारा), रुचिता (सिंह सिंगुनी), अर्जुन (कसलाना), मुकेश (चोपड़ा), पूनम (सरणाचक), अरविंद पवार (न्यूड़ी), क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना कैंतुरा, बीडीओ कैलाश चंद्र रमोला, खंड शिक्षा अधिकारी सौरव पांडे, नोडल अधिकारी संजीव जोशी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


