
जन्मशताब्दी महोत्सव में किया गयामाता भगवती देवी भोजनालय का शुभारंभ ।
हरिद्वार।
भगवान महाकाल की अवतारी सत्ता परम पूज्य गुरुदेव और शक्तिरूपा परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के तप, त्याग और ममत्व से सिंचित अखिल विश्व गायत्री परिवार वंदनीया माता जी के जन्मशताब्दी समारोह के आयोजन हेतु पूर्ण उत्साह के साथ अग्रसर है। हरिद्वार स्थित पावन वैरागी द्वीप पर आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं। पिछले नवंबर माह से ही सैकड़ों कार्यकर्ता अहर्निश सेवा में जुटे हुए हैं।
आज प्रातःकाल की शुभ वेला में वात्सल्य की प्रतिमूर्ति एवं गायत्री परिवार प्रमुख परम श्रद्धेया जीजी ने वैरागी द्वीप स्थित ‘माता भगवती देवी भोजनालय’ का विधिवत भट्टी पूजन कर शुभारंभ किया। दूर-दराज से आने वाले हजारों परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ किए गए इस भोजनालय के अवसर पर श्रद्धेया जीजी ने सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं को स्नेहसिक्त आशीर्वाद प्रदान किया।
इस पावन अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या जी, महिला मंडल प्रमुख आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या दीदी, शांतिकुंज व्यवस्थापक आदरणीय श्री योगेंद्र गिरी जी सहित भोजनालय प्रभारी एवं मिशन के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भोजनालय का शुभारंभ इस बात का संकेत है कि जन्मशताब्दी महोत्सव अब अपने चरमोत्कर्ष की ओर बढ़ रहा है, जहाँ श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।

