
जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने को लेकर कांग्रेसियों ने किया वन मुख्यालय का घेराव ।
देहरादून ।
। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों की रोकथाम को कांग्रेस ने हल्ला बोला है। इसी कड़ी में आज आक्रोशित कांग्रेसजनों ने राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जैसे ही दिलाराम चौक से वन भवन के लिए मार्च किया तभी वहां मौजूद पुलिस ने वन भवन के गेट को बंद करके कांग्रेसियों को अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान गेट खोले जाने को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। जिसके बाद कांग्रेसी जबरन गेट खोलकर वन भवन परिसर में घुस गए। सभी ने सरकार व वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि गुलदार के हमले में कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। इन घटनाओं की वजह से जान माल का नुकसान तो हो ही रहा है बल्कि लोगों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है। कांग्रेस ने अपनी मांगों के संबंध में पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ आरके मिश्रा को ज्ञापन सौंपते हुए प्रभावित क्षेत्रों में भालू और बाघ के मूवमेंट की ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग बढ़ाये जाने की मांग की है।

