
बोर्ड परीक्षाओं में फर्जीवाड़े का भंडाफोड़,सात के खिलाफ मामला दर्ज ।
हरिद्वार। जनपद में बोर्ड परीक्षाओं में एक राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे।
चार युवतियों समेत 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि, एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गया। हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, मामला एक दिन पहले यानी 24 फरवरी का है, जब रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के तहत हिंदी का पेपर आयोजित किया गया था। जिसमें रावली महदूद के सावित्री शिक्षा सदन के स्कूल के परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं। इस स्कूल से प्राइवेट हाईस्कूल करने वाले कई छात्र भी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को कुछ परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों में गड़बड़ी दिखाई दी। प्रवेश पत्रों की जब बारीकी से जांच की गई, उसमें गड़बड़ी का संदेह हुआ। प्रवेश पत्रों पर चस्पा फोटो वास्तविक परीक्षार्थियों से मेल नहीं खा रहे थे। सख्ती से पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि संबंधित युवक-युवतियां मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। ऐसे में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। इस संबंध में कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र द्विवेदी ने मौके पर पुलिस को बुलाया और सभी छात्रों को हिरासत में लिया गया। एक संदिग्ध छात्र मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया।
प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र तिवारी ने कोतवाली रानीपुर में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र भी बरामद किए गए। सातों के खिलाफ मुकदमा दर्जरू पुलिस की मानें तो आरोपी हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अन्य छात्रों के नाम पर परीक्षा दे रहे थे। प्रवेश पत्रों पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा कक्ष में बैठे थे। परीक्षा देने वाले आरोपियों में तीन युवक और चार युवतियों शामिल थे। जिनके खिलाफ अब मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित प्रतीत हो रहा था, इसलिए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
नाबालिग से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार
चमोली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में एक नाबालिग से दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गोपेश्वर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 फरवरी को एक व्यक्ति ने कोतवाली गोपेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 फरवरी की रात गौरव सेंजवाल पुत्र स्व श्याम दास निवासी कुण्ड कॉलोनी गोपेश्वर उम्र 23 वर्ष उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है।
पुलिस को दी गयी तहरीर में व्यक्ति ने बताया कि आरोपी ने युवती से जबरन शारीरिक संबंध बनाए और घिनौना कृत्य किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामलेमें पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने नाबालिग लड़की के साथ हुए इस अपराध को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक गोपेश्वर को अतिशीघ्र अभियुक्त की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिये। साथ ही नाबालिग के साथ हुए इस घिनौने अपराध को लेकर निर्देश दिया कि आरोपी की गिरफ्तारी में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक गोपेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया व आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास शुरू किए गए। फलस्वरूप गोपेश्वर पुलिस ने तत्परता के साथ आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।


