
1 किलो से अधिक चरस के साथ युवक गिरफ्तार, एसपी ने टीम को दिया नकद इनाम
उत्तरकाशी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन एवं नशा मुक्त अभियान के तहत अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में कोतवाली मनेरी पुलिस ने रविवार देर रात अवैध नशे के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को 1 किलो 30 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक मनेरी प्रदीप सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 4 जनवरी 2026 को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सालंग गांव की ओर जाने वाले नवनिर्मित पुल के पास चैकिंग के दौरान यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार युवक की पहचान उपेन्द्र राणा (30 वर्ष) निवासी ग्राम सालंग, भटवाड़ी (उत्तरकाशी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस को गांव के ऊपर जंगलों से स्वयं एकत्र कर बेचने की फिराक में था। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। उसे आज माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
बरामदगी:
1 किलो 30 ग्राम चरस
अनुमानित कीमत: ₹2.10 लाख
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
उप निरीक्षक निखिल देव चौधरी – चौकी प्रभारी भटवाड़ी
कांस्टेबल संदीप भट्ट
कांस्टेबल काशीष भट्ट
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹5000 नकद पारितोषिक देने की घोषणा की है।
एसपी ने कहा कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में नशा तस्करों के विरुद्ध यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। इससे पूर्व दिसंबर माह में स्मैक व चरस की बरामदगी के साथ-साथ अवैध अंग्रेजी शराब और कच्ची शराब के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की गई है।


