
उत्तरकाशी में देवभूमि रजत उत्सव का भव्य आयोजन
दूसरे दिन दिखी संस्कृति, कला और विकास की झलक ।
उत्तरकाशी। रिपोर्ट मदन पैन्यूली ।
उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘देवभूमि रजत उत्सव’ के दूसरे दिन जनपद में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और विकास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
उत्सव के दूसरे दिन प्रातःकालीन सत्र का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर चित्रकला, नृत्य एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों को चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताओं हेतु ड्राइंग किट एवं रंगोली रंग उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रताप पोखरियाल (पर्यावरण प्रेमी), शांति ठाकुर (ग्लेशियर लेडी), दिनेश भट्ट (समाजसेवी) एवं ममता रावत (समाजसेवी) को जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया।
उत्सव स्थल पर लगाई गई विकास प्रदर्शनी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही, जहाँ राज्य के विगत 25 वर्षों के विकास सफर को चित्रों एवं वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। आधुनिक तकनीक, इंटरएक्टिव गेम्स और डिजिटल माध्यमों से सजी यह प्रदर्शनी लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है।
इसके साथ ही उत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स एवं प्रदर्शनियों में भी भारी भीड़ देखने को मिली। स्थानीय हस्तशिल्प, पहाड़ी व्यंजन और स्वदेशी उत्पादों के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की जीवंत झलक प्रस्तुत की गई।
सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अजय भारती समूह एवं हिल फाउंडेशन डांस अकादमी द्वारा लोकनृत्य एवं लोकसंगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
आयोजकों ने जानकारी दी कि उत्सव के अंतिम दिन मा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर बच्चों एवं महिलाओं की प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक संध्या में संगीता ढौंडियाल एवं पांडवाज बैंड द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भाजपा नागेंद्र चौहान, दर्जा राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, अपर निदेशक सूचना आशीष कुमार त्रिपाठी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


