
उतरकाशी में भालू का बच्चा पिंजरे में कैद ।
भटवाड़ी/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी वन प्रभाग को मंगलवार देर रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। भटवाड़ी विकासखंड के मल्ला गांव में लगातार विचरण कर रहे एक भालू के शावक को पिंजरे में सुरक्षित कैद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मल्ला गांव में पिछले कुछ दिनों से भालू की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। मंगलवार रात्रि करीब 10:30 बजे वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में भालू का एक बच्चा फंस गया।
मौके पर रेंजर भटवाड़ी , वन दरोगा वन क्षेत्राधिकारी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
गौरतलब है कि बीते सप्ताह मल्ला गांव के डांग नामे तोक में तीन भालू एक आवासीय घर के आंगन में विचरण करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। इसके बाद प्रभागीय वनाधिकारी डी.पी. बलूनी के निर्देश पर वन विभाग की टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाए गए थे।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों से टकनौर रेंज में भालुओं की सक्रियता लगातार बनी हुई थी और कई बार ग्रामीणों को नुकसान की आशंका भी उत्पन्न हो चुकी थी।
वन विभाग द्वारा भालू के शावक को सुरक्षित स्थान पर रखने व आगे की कार्रवाई की जा रही है।

