
गुराड़ी गाँव में भीषण आग से तीन मकान नष्ट, दर्जनों पशुओं की जलकर मृत्यु ।
मोरी (उत्तरकाशी), 7 जनवरी 2026:
तहसील मोरी के अंतर्गत गुराड़ी गाँव में आज तड़के हुए भीषण अग्निकांड में तीन आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी विकराल थी कि घरों में रखा समस्त घरेलू सामान नष्ट हो गया और तीन परिवार गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। घटना से पूरे गाँव में शोक व दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान गुराड़ी द्वारा दूरभाष पर सूचना दिए जाने के तुरंत बाद आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग, फायर सर्विस, SDRF, पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग तथा 108 एम्बुलेंस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। राहत दलों और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सुबह 7:35 बजे आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया।
प्रभावित परिवार एवं पशु हानि
रामचन्द्र पुत्र धर्म दत्त, ग्राम गुराड़ी, पोस्ट नैटवार
02 गाय व 01 बैल की जलकर मृत्यु
भरत मणि पुत्र केदार दत्त
05 बकरी व 01 गाय की जलकर मृत्यु
ममलेश पुत्र भरत मणि
02 भेड़ तथा 01 गाय व 02 बकरी की जलकर मृत्यु
कुल मिलाकर इस अग्निकांड में बड़ी संख्या में दुधारू एवं पालतू पशुओं की जान चली गई, जिससे प्रभावित परिवारों की आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न हो गया है।
आग लगने का कारण
तहसीलदार मोरी के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राजस्व विभाग द्वारा क्षति का आकलन एवं विस्तृत जांच की कार्यवाही जारी है।
राहत एवं सहायता
राजस्व विभाग ने प्रभावित परिवारों को तात्कालिक राहत प्रदान करते हुए—
प्रति परिवार 02 कंबल व 01 तिरपाल
₹5000 नकद आर्थिक सहायता
इस प्रकार कुल 06 कंबल, 03 तिरपाल और ₹15000 नकद सहायता वितरित की गई है। प्रशासन द्वारा आगे भी आवश्यक मदद का आश्वासन दिया गया है।


